बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में क्विक कॉमर्स कंपनी Blinkit के एक डिलीवरी एजेंट पर ग्राहक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. यह घटना 7 मार्च की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब एक ग्राहक और डिलीवरी एजेंट के बीच पते को लेकर विवाद हो गया.
जानकारी के अनुसार पीड़ित ग्राहक की पहचान पॉल जे विथायाथिल के रूप में हुई है. उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने देर रात ब्लिंकिट ऐप के जरिए सामान का ऑर्डर किया था. कुछ देर बाद डिलीवरी एजेंट सामान लेकर पहुंचा, लेकिन वह बताए गए पते की बजाय किसी दूसरे स्थान पर पहुंच गया.
शिकायत के अनुसार जब ग्राहक ने डिलीवरी एजेंट से सही पते पर आने के लिए कहा, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. इसके बाद डिलीवरी एजेंट कथित तौर पर ग्राहक के घर तक पहुंचा और वहां पहुंचकर उस पर हमला कर दिया.
पीड़ित का आरोप है कि एजेंट ने उनके चेहरे पर जोरदार मुक्का मारा, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोट आई. इसके बाद उसने ऑर्डर किया गया सामान जमीन पर फेंक दिया और मौके से भाग गया.
घटना के बाद पीड़ित को तुरंत चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल जांच और स्कैन में यह पुष्टि हुई कि उनकी नाक की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है. एक्स रे रिपोर्ट में दोनों नासिका हड्डियों में चोट की पुष्टि की गई है.
डॉक्टरों ने इस मामले को मेडिको लीगल केस के रूप में दर्ज किया, जिसके आधार पर पुलिस को सूचना दी गई. शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में एनसीआर यानी नॉन कॉग्निजेबल रिपोर्ट दर्ज की थी.
हालांकि बाद में जांच के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसे एफआईआर में बदल दिया. इसके बाद पुलिस ने कंपनी से संपर्क कर आरोपी डिलीवरी एजेंट की पहचान और अन्य जानकारी मांगी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की पहचान के लिए कंपनी से मिली जानकारी का विश्लेषण किया जा रहा है.
इस घटना के बाद देर रात डिलीवरी सेवाओं की सुरक्षा और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होने के बाद उसे जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी.