कर्नाटक के बेल्लारी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जिसमें एक गुरुकुल रेजिडेंशियल स्कूल में एक छात्र ने सो रहे क्लास मेट पर आधी रात अचानक हमला कर दिया. इस हमले में एक बच्चे की मौत हो गई और कई अन्य बच्चे घायल हो गए.
पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शनिवार देर रात की है. जिसमें एक छात्र के हमले में कई छात्र घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज जारी है, वहीं आरोपी छात्र से पूछताछ की जा रही है.
इस मामले में गुरुकुल के छात्रों ने बताया कि स्कूल में डिनर खत्म होने के बाद सभी लोग सोने चले गए थे. तभी अचानक आरोपी छात्र ने अचानक हंगामा मचा दिया. इसके बाद उसने पास में पड़ी बेड रॉड उठाई और सोते हुए सहपाठियों पर बेरहमी से हमला शुरु कर दिया. वहां मौजूद लोगों ने बताया कि यह हमला इतना तेज था कि एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए. इनके अलावा छह अन्य भी चोटिल हो गए है. घायल हुए छात्रों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया. हालांकि गंभीर रुप से घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लिया, जिससे पूछताछ जारी है. हालांकि अभी तक हमले का कोई साफ कारण सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वजह पता चलेगी. क्या यह पुरानी रंजिश थी? या मानसिक तनाव?गु यह घटना गुरुकुल जैसे संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है. रात में छात्रों की निगरानी कैसे हो? सोते समय हमला रोकने के लिए क्या इंतजाम हैं? स्थानीय लोग और अभिभावक इस घटना के बाद से चिंतित हैं. कई अभिभावकों ने स्कूल से बच्चों को वापस लेने की बात कही है. हालांकि पुलिस ने मामले पर एक्शन लेते हुए आरोपी छात्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन छात्र नाबालिग है इसलिए जांच विशेष तरीके से हो रही है.