menu-icon
India Daily

झारखंड में अचानक बदला मौसम का मिजाज, गर्मी के बीच राहत की बारिश; इन 15 जिलों के लिए वज्रपात का अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम अचानक बदल गया है और तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. रांची समेत कई जिलों में बारिश हुई है. मौसम विभाग ने 15 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
झारखंड में अचानक बदला मौसम का मिजाज, गर्मी के बीच राहत की बारिश; इन 15 जिलों के लिए वज्रपात का अलर्ट जारी
Courtesy: Pinterest

रांची: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली. दोपहर में आसमान में बादल छा गए और शाम होते-होते कई इलाकों में भारी बारिश शुरू हो गई. करीब दो घंटे की बारिश के दौरान रांची में करीब 9 mm बारिश रिकॉर्ड की गई. कांके और रातू इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर ओले भी गिरे. ठंडी हवा और बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली.

बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा. रांची का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 30.1 डिग्री सेल्सियस हो गया. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि इस समय तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है. अगले तीन दिनों में मैक्सिमम टेम्परेचर में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है और टेम्परेचर फिर से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 

मौसम विभाग ने क्या बताया?

इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार को रांची समेत राज्य के 15 जिलों में आंधी-तूफान, तेज हवाएं और बिजली गिरने का अनुमान लगाया है. जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, उनमें खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं.

मौसम विभाग ने लोगों को क्या दी है सलाह?

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम में सावधानी बरतें और खुली जगहों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. मंगलवार को भी सुबह से दोपहर तक रांची में घना कोहरा छाया रहा. कोहरे की वजह से सुबह की हवाई सेवाएं बाधित रहीं, जिससे एक फ्लाइट को रांची की जगह कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मार्च को आसमान साफ ​​और मौसम सूखा रहने की उम्मीद है. इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे नमी बढ़ेगी. 15 मार्च से मौसम फिर बदल सकता है. 15 और 16 मार्च को सुबह कोहरा और बादल छाए रहने की उम्मीद है. कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं.