झारखंड के लोहरदगा जिले में स्थित एक निजी आवासीय स्कूल के गर्ल्स हॉस्टल में मंगलवार रात दर्दनाक हादसा हो गया. रोचो महुआटोली स्थित सनवासिरा हायर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल के छात्रावास में एक जहरीला करैत सांप घुस आया और सो रही छात्राओं पर हमला कर दिया. इस घटना में 13 वर्षीय छात्रा वर्षा उरांव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं.
अधिकारियों के अनुसार, छात्राएं रात का भोजन करने के बाद अपने कमरे में सो रही थीं. रात करीब 11 बजे करैत सांप चुपचाप कमरे में घुस आया. सबसे पहले उसने वर्षा उरांव को काटा. उसकी तेज चीख सुनकर कमरे में मौजूद अन्य छात्राएं जाग गईं, लेकिन इससे पहले कि वे कुछ समझ पातीं, सांप ने अनीशा उरांव, मनीषा कुमारी और फुलमनिया उरांव को भी डस लिया.
छात्राओं की चीख सुनकर शिक्षक और स्कूल कर्मचारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायल छात्रों को तुरंत लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने बताया कि फुलमनिया उरांव की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान भेज दिया गया. वहीं अनीशा उरांव और मनीषा कुमारी का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है. चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
हादसे के बाद स्कूल के छात्रावास में रहने वाली छात्राओं और उनके अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जहरीला करैत सांप छात्रावास के कमरे तक कैसे पहुंचा और परिसर में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे. इस दर्दनाक घटना ने आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा और परिसर में नियमित साफ सफाई तथा जहरीले जीवों से बचाव के इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोग भी स्कूल प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.