झारखंड की दनुआ घाटी में शनिवार शाम करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच एक और दर्दनाक हादसा हुआ. जोडराही पुल के पास हुई यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि जिसने भी देखा वह सन्न रह गया. इसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि धनबाद की ओर जा रही एक कार अचानक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह उसमें समा गई. इससे पहले कि कार संभल पाती पीछे से आ रहे एक दूसरे ट्रक ने भी उसे टक्कर मार दी और कार पूरी तरह पिस गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. वह मलबे में बदल गई और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला. पूरी गाड़ी कबाड़ बन गई जिसे देखकर हर कोई दहशत में आ गया.
इस हादसे में दो पुरुष एक महिला और दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि शव इतनी बुरी हालत में थे कि पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था. अंधेरा होने की वजह से यह भी साफ नहीं हो पाया कि कार में कुल कितने लोग सवार थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
दोनों ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गए और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद डीएसपी अजीत कुमार विमल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव का काम शुरू किया गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दनुआ घाटी अब मौत की घाटी बन चुकी है. जहां हर साल सैकड़ों हादसे होते हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. हर बार हादसे के बाद थोड़ी सख्ती होती है, लेकिन फिर हालात पहले जैसे हो जाते हैं. लोगों में गुस्सा है और वे चाहते हैं कि प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण इस पर स्थायी समाधान निकाले, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों और कोई और परिवार इस तरह खत्म न हो. अब सबकी नजर इस पर है कि क्या इस बार कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे या नहीं।