menu-icon
India Daily

झारखंड: मुख्यमंत्री के क्षेत्र साहिबगंज में बिजली-पानी संकट पर बीजेपी का हल्ला बोल, हेमंत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

झारखंड के साहिबगंज में बिजली कटौती और पेयजल संकट को लेकर बीजेपी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं ने हेमंत सरकार पर जनता की अनदेखी और प्रशासनिक विफलता का आरोप लगाया.

Dhiraj Kumar Dhillon
झारखंड: मुख्यमंत्री के क्षेत्र साहिबगंज में बिजली-पानी संकट पर बीजेपी का हल्ला बोल, हेमंत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
Courtesy: Social Media

झारखंड के साहिबगंज में बिजली और पानी की समस्या को लेकर राजनीति तेज हो गई है. मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और पेयजल संकट से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसी मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने साहिबगंज जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया है. इसस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बता दें कि झारखंड में सरकार की सहयोगी कांग्रेस भी जनसमस्याओं को लेकर धरने प्रदर्शन का लंबा चौड़ा कार्यक्रम जारी कर चुकी है. कांग्रेस के प्रदर्शन बुधवार से शुरू होंगे.

हेमंत सरकार को सत्ता तक पहुंचाने वाली जनता ही त्रस्त

बीजेपी नेताओं का आरोप है कि जिस साहिबगंज की जनता ने हेमंत सरकार को सत्ता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, आज वहीं के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि घंटों की बिजली कटौती ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है.

जनता के भरोसे के साथ बड़ा धोखा : BJP

प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. नेताओं ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि जनता के भरोसे के साथ बड़ा धोखा है. बीजेपी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन

इस प्रदर्शन में बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन सहित जिले के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. पार्टी नेताओं ने सरकार से साहिबगंज में बिजली और पानी की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की. प्रदर्शनकारियों में इस बात को लेकर खासा रोष देखा गया कि जब मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही मूलभूत सुविधाओं का यह हाल है तो पूरे सूबे का क्या हाल होगा।