menu-icon
India Daily

झारखंड में JMM-कांग्रेस गठबंधन में बढ़ी तकरार, अपनी ही सरकार के खिलाफ कांग्रेस करेगी धरना प्रदर्शन

झारखंड में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार के भीतर खींचतान खुलकर सामने आने लगी है. धनबाद से कांग्रेस 13 मई से भ्रष्टाचार, महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना आंदोलन शुरू करेगी. वहीं पानी-बिजली संकट पर भाजपा भी डीसी ऑफिस का घेराव करेगी.

Dhiraj Kumar Dhillon
झारखंड में JMM-कांग्रेस गठबंधन में बढ़ी तकरार, अपनी ही सरकार के खिलाफ कांग्रेस करेगी धरना प्रदर्शन
Courtesy: Google

झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM)- कांग्रेस गठबंधन सरकार के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है. सरकार में शामिल कांग्रेस अब अपनी ही सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने जा रही है. पार्टी के प्रखंड मुख्यालयों में भ्रष्टाचार, महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर धरना - प्रदर्शन करने का फैसला लिया है. कांग्रेस का यह आंदोलन धनबाद से शुरू होगा. पार्टी नेताओं का कहना है ‌कि आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा और सरकार का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा.

13 मई को धनबाद में आंदोलन की शुरूआत

धनबाद प्रखंड मुख्यालय और शहर मुख्यालय में 13 मई को एक दिवसीय धरना देकर आंदोलन की शुरूआत की जाएगा. धनबाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर सभी प्रखंड और नगर मुख्यालयों में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन आयोजित होंगे. महासचिव सह कार्यालय प्रभारी मधुसूदन चौधरी ने बताया कि धरने के जरिए क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा.

कांग्रेस ने जारी किया पूरा कार्यक्रम

  • 13 मईः धनबाद प्रखंड के दोनों मुख्यालयों पर प्रदर्शन होगा.
  • 14 मईः झरिया के नगर अंचल कार्यालय पर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी.
  • 16 मई ः गोविंदपुर प्रखंड में कांग्रेस का प्रदर्शन
  • 17 मई को कलियापुर प्रखंड पर धरना-प्रदर्शन
  • 18 मईः एग्यारकुंड और निरसा प्रखंड पर प्रदर्शन
  • 19 मईः चिरकुंडा नगर परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन
  • 23 मईः बलियापुर प्रखंड में कांग्रेस का प्रदर्शन होगा.

बिजली- पानी संकट पर भाजपा भी आक्रामक

सूबे में बिजली- पानी संकट को लेकर भाजपा भी आक्रामक दिख रही है. भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा ह‌ै कि बिजली- पानी संकट को लेकर पार्टी विभिन्न जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रही है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में आज धनबाद में उपायुक्त कार्यालय पर भाजपा की ग्रामीण और शहरी इकाई का धरना प्रदर्शन है.