रोहतक: रोहतक में 20 वर्षीय युवक मोहित की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. शुरुआती जांच के अनुसार युवक की गर्दन तलवार से एक ही वार में काटी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक मोहित 26 मार्च की शाम को अपने दोस्तों के साथ शादी में जाने की बात कहकर घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिवार ने पूरे दिन उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.
28 मार्च को फरमाणा गांव के खेतों में उसका गर्दन कटा शव बरामद हुआ. शव की हालत बेहद खराब थी और सिर व धड़ अलग-अलग पड़े मिले. सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.
परिजनों ने मोहित के चार दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि आरोपियों ने पहले ईंट से सिर पर वार किया और बाद में तलवार से गला काट दिया. घटनास्थल से खून से सनी शॉल और ईंट भी बरामद हुई है, जो जांच का अहम हिस्सा बनी हुई हैं.
मृतक के परिजनों ने बताया कि मोहित नौवीं कक्षा तक पढ़ा था और बाद में गलत संगत में पड़ गया था. वह सूखा नशा करता था और अक्सर दोस्तों के साथ रहता था. आशंका जताई जा रही है कि नशे के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया.
आरोपित मौके से फरार हो गए लेकिन पुलिस को एक बाइक और अन्य सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. मृतक का मोबाइल भी पास के खेत में टूटा हुआ मिला, जिससे यह संकेत मिलता है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की.
परिवार ने देवा, हंसा, मंगल और दीपक नाम के चार युवकों के खिलाफ शिकायत दी है. इनमें से एक आरोपी के परिवार का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.
मृतक के पिता ने कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और उसकी मौत से पूरा परिवार उजड़ गया है. परिवार में उसकी बड़ी बहन और दो छोटी बहनें हैं, जबकि सबसे छोटा भाई दिव्यांग है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.