India-Bangladesh Relations: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को लेकर भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में एक बार फिर तनाव की स्थिति बनती दिख रही है. ढाका चाहता है कि भारत हसीना को वापस सौंपे, लेकिन इस मांग पर अब तक फैसला नहीं हुआ है. इसी बीच बांग्लादेश की संसद के स्पीकर ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय जाने की चेतावनी दी है.
बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने पाकिस्तान दौरे के दौरान एक इंटरव्यू में कहा कि अगर भारत शेख हसीना को वापस नहीं भेजता तो उनका देश इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) का दरवाजा खटखटा सकता है.
शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री पद छोड़ दिया था और भारत आ गई थीं. तब से वह यहीं रह रही हैं. नवंबर 2025 में बांग्लादेश की अदालत ने 2024 के प्रदर्शनों को दबाने के मामले में उन्हें मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी ठहराते हुए उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी. हसीना ने आरोपों को खारिज किया और मुकदमे की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं.
हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर 2026 को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं. यह दिन वहां विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है. हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उन्हें लाने के लिए विमान भेजने की मांग स्वीकार नहीं की है. सरकार का कहना है कि उनकी वापसी प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया के तहत ही हो सकती है. स्पीकर ने उनके लौटने के दावे को समर्थकों का हौसला बढ़ाने वाला बताया है.
इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख न्यायिक संस्था है, जो देशों के बीच कानूनी विवादों पर सुनवाई करती है. लेकिन किसी मामले की सुनवाई के लिए अदालत का अधिकार क्षेत्र होना जरूरी है. इसके लिए संबंधित देशों की सहमति या कोई मान्य कानूनी आधार चाहिए. भारत ने 2019 में ICJ के अधिकार क्षेत्र को स्वीकार करते समय राष्ट्रमंडल देशों से जुड़े विवादों को इससे बाहर रखा था. बांग्लादेश भी राष्ट्रमंडल का सदस्य है.
भारत और बांग्लादेश के बीच 2013 में प्रत्यर्पण संधि हुई थी, जिसमें 2016 में संशोधन किया गया. इसकी धारा 6 के तहत राजनीतिक अपराध के मामलों में प्रत्यर्पण से इनकार किया जा सकता है. हालांकि, हत्या जैसे गंभीर अपराध इस छूट में शामिल नहीं हैं. वहीं, धारा 8 के अनुसार, अगर भारत को लगता है कि आरोप गलत मंशा से लगाए गए हैं या प्रत्यर्पण अन्यायपूर्ण होगा तो वह अनुरोध ठुकरा सकता है.
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 25 नवंबर को कहा था कि हसीना को वापस भेजने के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि हसीना का अपनी इच्छा से यात्रा दस्तावेज लेकर लौटना प्रत्यर्पण से अलग मामला है.