नोएडा के रास्ते हरियाणा तक पहुंचा कर्मचारी आंदोलन, फरीदाबाद और पलवल में भी सड़कें जाम

कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगो को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है. नोएडा के बाद अब हरियाणा में भी कर्मचारी आंदोलन ने रफ्तार पकड़ ली है. जिसका नतीजा सड़कों पर नजर आना शुरू हो गया है.

X (@k_gauravs)
Shanu Sharma

नोएडा में सोमवार की सुबह काफी ज्यादा भीड़ देखने को मिला. ऑफिस जाने वाले लोग आधे रास्ते में फंस गए. कर्मचारियों ने सड़क पर विरोध-प्रदर्शन किया, जिसके कारण रास्ते प्रभावित हो गए. नोएडा के बाद अब हरियाणा में भी कर्मचारियों का आंदोलन शुरू हो गया है.

हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल जिले में भी प्राइवेट कंपनियों व फैक्टरियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं. बेहतर वेतन और सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी लागू करने की मांग को लेकर सोमवार सुबह इन इलाकों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. 

न्यूनतम वेतन ना मिलने पर फूंटा गुस्सा

पलवल के पृथला इलाके के पास एक निजी कंपनी की महिला कर्मचारियों ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग की जा रही है, लेकिन कंपनी प्रबंधन और सरकार की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन भी उन्हें नहीं दिया जा रहा, जिससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. महिलाओं ने हाईवे पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. गर्मी और धूप में फंसे वाहन चालक और यात्री घंटों इंतजार करते रहे. कई लोगों ने बताया कि उन्हें वैकल्पिक रास्तों की जानकारी नहीं थी, जिससे परेशानी कई गुना बढ़ गई.

सड़क पर बैठ गईं महिलाएं

सड़क पर अचानक लगे जाम के कारण आम नागरिकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई. काम पर जा रहे लोग, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र और जरूरी काम से निकले राहगीर घंटों ट्रैफिक में घंटो तक फंसे रहे. इसी बीच फरीदाबाद में एक अन्य निजी कंपनी के कर्मचारियों ने कंपनी के बाहर सड़क जाम कर दी. यहां भी मुख्य मांग वेतन बढ़ोतरी और न्यूनतम मजदूरी लागू करने की रही. यातायात प्रभावित होने से आसपास के इलाकों में भी जाम की स्थिति बन गई.

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पलवल में प्रदर्शन कर रही महिला कर्मचारियों से बातचीत कर जाम खोलने की अपील की गई. लंबी समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए. फरीदाबाद में पुलिस ने कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत शुरू करवाई है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जल्द समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है ताकि यातायात सामान्य हो सके और आगे कोई असुविधा न हो.