‘ये कैसा राष्ट्रपति…’, ट्रंप के निकी मिनाज पर अश्लील टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर मचा बवाल
Donald Trump Inappropriate Remark: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं.
Donald Trump Inappropriate Remark: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. मिडटर्म चुनावों के लिए प्रचार के बीच मिशिगन में आयोजित एक रैली के दौरान उन्होंने मशहूर रैपर निकी मिनाज को लेकर एक अश्लील टिप्पणी की. इसके बाद से सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना हो रही है. कई यूजर्स ने राष्ट्रपति के पद की गरिमा का हवाला देते हुए उनके व्यवहार पर सवाल उठाए हैं.
रैली में निकी मिनाज को लेकर क्या बोले ट्रंप?
मिशिगन में आयोजित इस रैली में निकी मिनाज भी मौजूद थीं. वह दर्शकों के बीच बैठी हुई थीं. इसी दौरान ट्रंप ने उनके ऊपर एक आपत्तिजनक टिप्पणी की और उन्हें खड़े होने के लिए कहा. ट्रंप की बात सुनकर वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगे. इसके बाद निकी मिनाज हंसते हुए खड़ी हुईं और फिर वापस बैठ गईं.
ट्रंप ने बाद में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी टिप्पणी से निकी को बुरा नहीं लगा होगा. उन्होंने यह भी कहा कि वह निकी से प्यार करते हैं और वह लंबे समय से उनके साथ जुड़ी हुई हैं.
Also Read
सोशल मीडिया पर ट्रंप की आलोचना:
ट्रंप की टिप्पणी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की. कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि देश के राष्ट्रपति को सार्वजनिक मंच पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए या नहीं. वहीं, एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि देश में महंगाई, युद्ध और नस्लीय नफरत जैसी गंभीर समस्याएं हैं, लेकिन राष्ट्रपति इस तरह की बातों में लगे हुए हैं. वहीं, जेना नाम की एक यूजर ने ट्रंप के व्यवहार को शर्मनाक बताते हुए उनकी आलोचना की.
ट्रंप की समर्थक हैं निकी मिनाज:
निकी मिनाज को ट्रंप की समर्थक माना जाता है. अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उन्होंने ट्रंप की उम्मीदवारी का समर्थन किया था. वह कई मौकों पर ट्रंप के पक्ष में अपनी राय रख चुकी हैं. यही वजह है कि रैली में हुई इस घटना ने लोगों का खास ध्यान खींचा है. फिलहाल, इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है. यह विवाद ट्रंप के चुनावी प्रचार के बीच उनके सार्वजनिक व्यवहार को लेकर नई चर्चा का कारण बन गया है.