IMD Weather

राष्ट्रपति भवन के सामने नॉर्थ ब्लॉक में आग लगने से मचा हड़कंप, दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं, जानें कैसी है वहां की स्थिति

दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में एसी के बॉयलर के पास वेल्डिंग के दौरान चिंगारी से आग लग गई. प्लास्टिक की टंकी में आग लगने से धुआं तेजी से फैल गया.

@milinddeora X Account
Km Jaya

दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में आग लगने की सूचना से सोमवार को कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. हालांकि, आग ज्यादा बड़ी नहीं थी और उसे तुरंत काबू में कर लिया गया. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है.

जानकारी के मुताबिक, नॉर्थ ब्लॉक की छत पर एसी के बॉयलर के पास वेल्डिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक चिंगारी निकलने से वहां रखी प्लास्टिक की टंकी में आग लग गई. प्लास्टिक होने की वजह से आग से काफी धुआं उठने लगा, जिसके बाद धुएं का गुबार तेजी से ऊपर दिखाई देने लगा.


दिल्ली फायर सर्विस को सूचना

आग और धुएं की जानकारी मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस को सूचना दी गई. इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां नॉर्थ ब्लॉक की ओर रवाना हुईं. दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आग पर तुरंत काबू पा लिया. बताया गया कि आग बुझाने के लिए मौके पर मौजूद फायर फाइटिंग सिस्टम का भी इस्तेमाल किया गया.

राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा ने क्या कहा?

राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा ने भी घटना से कुछ देर पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर नॉर्थ ब्लॉक से धुएं का गुबार दिखाई देने की जानकारी दी थी. इसके बाद नॉर्थ ब्लॉक की ओर दमकल की गाड़ियां जाती हुई दिखाई दीं.

दमकल विभाग ने क्या बताया?

दमकल विभाग के अनुसार, आग छोटी थी और समय रहते उस पर काबू पा लिया गया. शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी बताई जा रही है. कुछ रिपोर्टों में शॉर्ट सर्किट की आशंका का भी जिक्र किया गया है. फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और स्थिति सामान्य है.

घटना के दौरान किसी के घायल होने या किसी तरह की जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है. अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया. आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया.