menu-icon
India Daily

अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा पलटी रोडवेज बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार; वीडियो कॉल पर बात कर रहा था चालक

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस चालक मोबाइल पर वीडियो कॉल पर बात कर रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और यह दुर्घटना हो गई.

Anuj
Edited By: Anuj
अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा पलटी रोडवेज बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार; वीडियो कॉल पर बात कर रहा था चालक

जींद: हरियाणा के जींद जिले में नरवाना-जींद नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यात्रियों से भरी हरियाणा रोडवेज की किलोमीटर स्कीम की बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकरा गई और फिर सड़क किनारे खड़ी एक लोडिंग गाड़ी से जा भिड़ी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई. हादसे के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें कई लोगों को चोटें आई हैं.

जींद जिले में सड़क हादसा

जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस नरवाना से जींद की ओर जा रही थी. जब बस खटकड़-बड़ौदा गांव के पास पहुंची तो अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया. तेज रफ्तार होने के कारण बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर संतुलन खोकर सड़क किनारे खड़ी लोडिंग गाड़ी से जा टकराई. इसके बाद बस सड़क किनारे बने खड्डे में जा गिरी.

यात्रियों में मची चीख-पुकार

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस चालक मोबाइल पर वीडियो कॉल पर बात कर रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और यह दुर्घटना हो गई. बस में काफी ज्यादा सवारियां थी और कई यात्री खड़े भी थे, जिसके कारण कई लोगों को चोटें आई.

राहत और बचाव कार्य शुरू

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. लोगों ने बस के शीशे तोड़कर और दरवाजे खोलकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से उचाना और जींद के अस्पतालों में पहुंचाया गया.

लोडिंग गाड़ी के चालक ने बताया कि वह अपनी गाड़ी लेकर जींद की ओर जा रहा था. रास्ते में शौच के लिए उसने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी की और नीचे उतर गया. तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस उसकी गाड़ी से टकरा गई.

6 लोगों को आई गंभीर चोट

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. पुलिस करीब 10 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंच गई और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया. प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि ड्राइवर समेत 5 से 6 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.