menu-icon
India Daily

हरियाणा में आंधी-बारिश का कहर: गुरुग्राम में घर पर गिरी बिजली, रेवाड़ी में फसलें तबाह; तीन दिनों का येलो अलर्ट

हरियाणा में बुधवार शाम मौसम ने अचानक पलटी मारी. गुरुग्राम में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जहां बिजली गिरने से एक घर की दीवार टूटी और सामान जल गया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
हरियाणा में आंधी-बारिश का कहर: गुरुग्राम में घर पर गिरी बिजली, रेवाड़ी में फसलें तबाह; तीन दिनों का येलो अलर्ट
Courtesy: Pinterest

चंडीगढ़: हरियाणा के लोगों को मार्च की गर्मी से राहत मिली, लेकिन यह राहत थोड़ी खतरनाक साबित हुई. बुधवार शाम अचानक तेज हवाओं ने कई जिलों में कोहराम मचा दिया. गुरुग्राम और फरीदाबाद में घंटों बारिश हुई, जबकि रेवाड़ी में ओले गिरे. मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ को इसका कारण बताया है. यह बदलाव न सिर्फ लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है, बल्कि किसानों की मेहनत पर भी असर डाल रहा है. आने वाले तीन दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने की चेतावनी है.

घरों पर बिजली गिरने से हादसे

गुरुग्राम के गांव गदाईपुर में रामकिशन के घर पर बिजली गिरी, जिससे दीवार का हिस्सा ढह गया. कमरे में रखी इनवर्टर बैटरी, बिजली की फिटिंग जल गई और प्लास्टिक की टंकी भी फट गई. सौभाग्य से उस समय कोई घर में नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. शहर के कई सेक्टरों में तेज हवा से बिजली आपूर्ति बाधित रही. लोग घरों में कैद हो गए और सड़कों पर पानी भर गया.

रेवाड़ी में ओलावृष्टि, फसलों को भारी नुकसान

रेवाड़ी जिले के गांवों में आंधी के साथ ओले गिरे, जिससे खेतों में खड़ी सरसों और गेहूं की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं. फसलें पककर तैयार थीं, लेकिन तूफान ने सब बर्बाद कर दिया. गांवों के सरपंचों ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया. नई अनाज मंडी में जलभराव के कारण गुरुवार को मंडी बंद रही. किसान चिंतित हैं कि इस नुकसान से उनकी कमाई पर बुरा असर पड़ेगा.

प्रदूषण में बढ़ोतरी, फिर भी बारिश से उम्मीद

बारिश से पहले गुरुग्राम की हवा खराब हो गई थी. सीपीसीबी के अनुसार एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 258 तक पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में है. सेक्टर-51 में तो यह 322 तक दर्ज हुआ. हालांकि, बारिश ने कुछ हद तक प्रदूषण कम किया. लोग अब मौसम की इस उथल-पुथल से परेशान हैं, लेकिन ठंडक का एहसास भी कर रहे हैं.

आने वाले तीन दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने 19 से 21 मार्च तक यलो अलर्ट जारी किया है. फरीदाबाद, गुरुग्राम समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक गिर सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि बिजली गिरने से बचाव के लिए खुले में न निकलें और फसलों की सुरक्षा के उपाय करें.