गुरुग्राम में रहने और नौकरी करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. मिलेनियम सिटी में अगले महीने से पीएम ई बस सेवा के तहत 50 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी. इन बसों के संचालन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. जानकारी के मुताबिक ई बस सेवा के संचालन के लिए गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड यानी GMCBL ने सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं. गुरुग्राम बस ट्रांजिट प्राइवेट लिमिटेड का गठन भी हो चुका है और 3.68 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जमा कराई जा चुकी है.
पीएम ई बस सेवा योजना के तहत गुरुग्राम को कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं. इनमें से करीब 50 ई बसें जून महीने में मिलने की उम्मीद है, जबकि बाकी 50 बसें जुलाई में शहर को मिल जाएंगी. GMCBL ने अगले महीने से इन बसों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है ताकि लोगों को जल्द बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा मिल सके. नई ई बसों के संचालन के लिए सेक्टर 10 और सेक्टर 48 में आधुनिक ई बस डिपो तैयार किए गए हैं. बताया जा रहा है कि शुरुआत में इन बसों का संचालन मुख्य रूप से सेक्टर 10 स्थित डिपो से किया जाएगा. यहां चार्जिंग और मेंटेनेंस की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.
Ministry of Housing and Urban Affairs ने पीएम ई बस सेवा के लिए अलग अलग रंग निर्धारित किए हैं. गुरुग्राम में चलने वाली ई बसों के लिए हल्का नीला रंग तय किया गया है. इन बसों के संचालन का ठेका Intect Transport Private Limited को दिया गया है. नई ई बस सेवा शुरू होने के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे, एसपीआर और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जुड़े कई सेक्टरों को सीधा पब्लिक ट्रांसपोर्ट कनेक्शन मिलेगा. इन बसों को मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड तक चलाया जाएगा. इससे रोजाना ऑफिस जाने वाले हजारों लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
फिलहाल जीएमसीबीएल के पास करीब 150 सीएनजी बसें हैं, जो लगभग 8 साल पुरानी हो चुकी हैं. अधिकारियों के मुताबिक, हर दिन 15 से 20 बसें बीच रास्ते में खराब हो जाती हैं. इसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है और लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते. नई ई बसों के आने से इन समस्याओं में काफी कमी आने की उम्मीद है.