मुंबई: रणवीर सिंह की धमाकेदार एक्शन फिल्म 'धुरंधर' के पहले पार्ट ने दर्शकों को खूब लुभाया और अब इसके दूसरे पार्ट को लेकर उत्सुकता चरम पर है. फिल्म के फैंस 'धुरंधर 2' के टीजर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन टीजर आने से पहले ही मेकर्स ने एक जबरदस्त सरप्राइज दिया है.
आज यानी 3 फरवरी 2026 को रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पहला ऑफिशियल पोस्टर शेयर किया, जिसमें फिल्म का पूरा टाइटल भी सामने आया है. फिल्म का नाम अब 'धुरंधर: द रिवेंज' रखा गया है. पोस्टर में रणवीर सिंह अपने किरदार हमजा के खूंखार और इंटेंस अवतार में नजर आ रहे हैं.
पोस्टर काफी ड्रामेटिक और आकर्षक है. इसमें लाल रंग का बैकग्राउंड है, जिसमें तेज बारिश हो रही है. ऐसा लगता है जैसे खून की बारिश हो रही हो. बीच में रणवीर सिंह ब्लैक ट्रेंच कोट पहने, लंबे खुले बालों के साथ खड़े हैं. उनका चेहरा बेहद गंभीर, खतरनाक और बदले की आग से भरा हुआ दिख रहा है. यह लुक पहली फिल्म से पूरी तरह अलग और ज्यादा खौफनाक है, जो बताता है कि इस बार कहानी और ज्यादा एक्शन से भरपूर और रिवेंज पर फोकस्ड होगी.
पोस्टर शेयर करते हुए रणवीर सिंह ने कैप्शन में लिखा- 'अब बिगड़ने का वक्त आ गया है...' यह लाइन फैंस के बीच तुरंत वायरल हो गई. कई भाषाओं में पोस्टर जारी किए गए हैं, क्योंकि फिल्म पैन-इंडिया रिलीज होगी. यह हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज होगी.
इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी कन्फर्म हो गई है. 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी. यह तारीख ईद, गुड़ी पड़वा और उगादी जैसे त्योहारों के साथ जुड़ी है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचने की पूरी उम्मीद है. टीजर आज दोपहर 12:12 बजे रिलीज होने वाला है, जिससे एक्साइटमेंट और बढ़ गया है. पहले पार्ट ने खूब धूम मचाई थी और अब दूसरा पार्ट थिएटर्स में तहलका मचाने को तैयार दिख रहा है.