फरीदाबाद से 300 किलो RDX, AK-47 और गोला-बारूद बरामद, डॉक्टर की टिप से की छापेमारी
जम्मू-कश्मीर के डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया था जिसकी टिप पर पुलिस ने दिल्ली के पास फरीदाबाद से 300 किलो RDX, AK-47 और गोला-बारूद बरामद किया.
फरीदाबाद: जम्मू और कश्मीर पुलिस ने दिल्ली के पास फरीदाबाद में 300 किलोग्राम RDX, एक एके-47 राइफल और बड़ी मात्रा में गोलियां समेत गोला-बारूद बरामद किए हैं. यह बरामदगी तब हो पाई जब पुलिस ने डॉ. आदिल अहमद राथर नाम के एक कश्मीरी डॉक्टर से पूछताछ की. बता दें कि राथर को पहले गिरफ्तार किया गया था. जांच के दौरान, पुलिस को कश्मीर में डॉ. आदिल के एक लॉकर से एक और एके-47 राइफल और गोला-बारूद भी मिला.
डॉ. आदिल से अभी पूछताछ जारी है. बता दें कि इस व्यक्ति पर हथियार और विस्फोटक रखने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में मदद करने के आरोप हैं. पुलिस को पुलवामा जिले के एक और डॉक्टर डॉ. मुजम्मिल शकील पर भी शक है कि वो भी फरीदाबाद में इन हथियारों और विस्फोटकों को स्टोर करने में मदद करते हैं.
दोनों डॉक्टरों से पूछताछ कर रही है पुलिस:
बता दें कि जम्मू-कश्मीर पुलिस दोनों डॉक्टरों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि यह हाल के सालों में कश्मीर से जुड़े विस्फोटकों की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक है. पुलिस का मानना है कि इन हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी और स्टोरेज के पीछे के नेटवर्क का पता चलने पर जल्द ही और गिरफ्तारियां और बरामदगी हो सकती हैं.
सुरक्षा एजेंसियों को इस ग्रुप पर है शक:
जम्मू और कश्मीर के डॉक्टरों का एक और ग्रुप भी है जिस पर पुलिस को शक है. सुरक्षा एजेंसियों ने शक जताते हुए कहा है कि इस ग्रुप का संबंध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और गजवत-उल-हिंद से हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यूनियन टेरिटरी के बाहर हथियार और विस्फोटक की स्मगलिंग और स्टोरेज के लिए जो लोग जिम्मदार हैं, उनका पता लगाने के लिए टीम काम कर रही हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि और भी संदिग्ध मिलने की संभावना है.
बता दें कि इन आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धारा 7/25 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 13, 28, 38 और 39 के तहत आरोप लगाए गए हैं. इस बीच, जम्मू और कश्मीर में एक बड़ा एंटी-टेरर ऑपरेशन चल रहा है. रविवार को, घाटी में कई जगहों पर की गई छापेमारी के दौरान एक महिला समेत 9 लोगों को हिरासत में लिया गया. यह ऑपरेशन सोमवार को भी जारी रहा.