menu-icon
India Daily

'सरपंचनी को बुला दो, फीलिंग आ जाएगी’, BJP विधायक ने महिला सरपंच पर की अश्लील टिप्पणी

Haryana BJP: हरियाणा के एक बीजेपी विधायक के विवादित टिप्पणी पर बवाल मच गया है. दरअसल, विधायक सतपाल जांबा ने एक महिला सरपंच पर अश्लील टिप्पणी की. एक सभा में उन्होंने कहा कि गांव के सरपंचनी को बुला दो फीलिंग आ जाएगी. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारे में हंगामा मचा हुआ है.

India Daily Live
'सरपंचनी को बुला दो, फीलिंग आ जाएगी’, BJP विधायक ने महिला सरपंच पर की अश्लील टिप्पणी
Courtesy: Social Media

Haryana BJP: हरियाणा के कैथल जिले की पुंडरी विधानसभा सीट से BJP विधायक सतपाल जांबा अपने विवादित बयान के चलते आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं. चुनाव में जीत के बाद धन्यवाद दौरे के दौरान एक गांव में दिए गए उनके बयान ने महिलाओं के प्रति उनके दृष्टिकोण पर सवाल खड़े कर दिए. यह मामला तब शुरू हुआ जब विधायक जांबा ने सरपंच प्रतिनिधि से गांव की सरपंच की उपस्थिति के बारे में पूछा. सरपंच प्रतिनिधि ने उन्हें बताया कि वह घर पर हैं, जिस पर विधायक ने हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा, "सरपंचनी को बुला दो, हमें भी थोड़ी फीलिंग आ जाएगी कि हमें भी कोई देखने-सुनने आया है."

जांबा का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, और इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं. लोगों ने इसे महिला सरपंच के प्रति असम्मानजनक और असंवेदनशील टिप्पणी माना. सोशल मीडिया पर लोगों ने इस टिप्पणी को भद्दा और आपत्तिजनक करार दिया, जिससे विधायक की कड़ी आलोचना हुई.

माफी मांगते हुए दी सफाई

इस विवाद के बाद, विधायक सतपाल जांबा ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि उनके शब्दों का गलत अर्थ निकाला गया है और उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था. विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके कहे गए शब्दों को दूसरे तरीके से देखा गया और उनका महिला सुरक्षा को लेकर हमेशा सम्मानपूर्ण दृष्टिकोण रहा है. उन्होंने यह कहते हुए माफी मांगी, "अगर मेरे शब्दों से मेरी बहन सरपंच को ठेस पहुंची है, तो मैं अपनी बहन से माफी मांगता हूं. मैं वादा करता हूं कि जब तक मैं हूं, तब तक उस बहन की सुरक्षा करूंगा."

पहली बार विधायक बने सतपाल जांबा

सतपाल जांबा ने इस साल पहली बार पुंडरी सीट से BJP की टिकट पर विधानसभा चुनाव में भाग लिया और करीब 2200 वोटों के अंतर से विजयी हुए. इससे पहले जांबा सफाई अभियान के दौरान हलके में सक्रिय रहे और उनकी इसी सक्रियता ने उन्हें चुनाव में सफलता दिलाई. उनके भाई गांव के मौजूदा सरपंच हैं और इस तरह राजनीति उनके परिवार में पहले से ही रही है.