menu-icon
India Daily

गोरखपुर से योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- रामभक्तों के खून से सना है सपा का इतिहास

गोरखपुर में 757 करोड रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला.

KanhaiyaaZee
गोरखपुर से योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- रामभक्तों के खून से सना है सपा का इतिहास
Courtesy: ANI

गोरखपुर: जनपद गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के भटहट स्थित बांसस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 757 करोड रुपये से अधिक की 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने विकास योजनाओं की चर्चा के साथ विपक्ष को भी निशाने पर लिया. मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर कई राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि राज्य सरकार विकास तथा सांस्कृतिक विरासत दोनों को समान प्राथमिकता दे रही है.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास रामभक्तों के खून से सना हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पार्टी ने हमेशा भारत की विरासत और आस्था का सम्मान करने के बजाय उसका अपमान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास की गति को विपक्ष स्वीकार नहीं कर पा रहा है.

दंगे और कांवड़ यात्रा का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश दंगों की घटनाओं से प्रभावित रहता था और कांवड़ यात्रा के दौरान भी बाधाएं पैदा होती थीं. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान डबल इंजन सरकार विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती देने का काम कर रही है.

पूर्वांचल के विकास का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पूर्वांचल इंसेफेलाइटिस, पिछड़ेपन और सरकारी योजनाओं की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहा था. उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में विकास कार्यों के साथ बीमारी पर भी प्रभावी नियंत्रण किया गया है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जाति के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश कर रहा है.

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2006 में तत्कालीन केंद्र सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में दाखिल हलफनामे में भगवान राम और श्रीकृष्ण को मिथक बताया था. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है.