प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ के गड़वारा से पूर्व विधायक और भाजपा नेता बृजेश मिश्रा 'सौरभ' ने करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला दर्ज कराया है. उनका आरोप है कि निवेश, पेट्रोल पंप और शराब के ठेके दिलाने का झांसा देकर उनसे तीन करोड रुपये से अधिक की रकम ले ली गई. शिकायत के आधार पर लखनऊ के विभूतिखंड थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है.
पूर्व विधायक बृजेश मिश्रा के अनुसार वर्ष 2016-17 में प्रतापगढ़ निवासी आलोक मिश्रा ने उनसे संपर्क किया. उसने खुद को प्रभावशाली लोगों का करीबी बताते हुए कई लाभदायक व्यवसायों में निवेश का प्रस्ताव दिया. शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2022 से 2025 के बीच अलग अलग किस्तों में आनलाइन और नकद माध्यम से तीन करोड रुपये से अधिक की रकम ली गई.
शिकायत के मुताबिक आरोपितों ने वंदे गणपति इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी बनाकर पूर्व विधायक को उसका निदेशक बनाया. इसके बाद उनसे कई चेकों पर हस्ताक्षर कराए गए. बृजेश मिश्रा का आरोप है कि इन दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करते हुए धन का गबन किया गया और उन्हें वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं दी गई.
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि शराब की दुकानों के आवंटन का झांसा देकर आधार कार्ड, ओटीपी और अन्य जरूरी जानकारियां ली गईं. बाद में 25 से 30 दुकानों की चाबियों का गुच्छा दिखाकर भरोसा दिलाया गया. इसी तरह पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर भी कथित रूप से फर्जी दस्तावेज दिखाए गए और निवेश कराया गया.
शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपितों ने अन्य कारोबारियों को भी अपना शिकार बनाया. गुड बेकरी के संचालक लक्ष्मण आहूजा से 70 लाख रुपये और प्रयागराज के अमित गुप्ता से 51 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है. पीड़ितों के अनुसार रकम वापस मांगने पर आरोपित संपर्क से बाहर हो गया.
पूर्व विधायक की तहरीर के आधार पर विभूतिखंड थाने में आरोपित आलोक मिश्रा, उसके परिवार और सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.