उत्तर प्रदेश के सभी परिषदीय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों में अब बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा. इसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा तैयार पुस्तक 'मेरे स्वास्थ्य की दुनिया' और FSSAI की 'ईट राइट इंडिया' पहल की अध्ययन सामग्री का उपयोग किया जाएगा. इस पुस्तक में आकर्षक चित्रों के माध्यम से बच्चों को शरीर के अंगों और उनके सही उपयोग के बारे में बेहद रोचक तरीके से समझाया गया है.
समग्र शिक्षा की राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने इस नई व्यवस्था को लेकर सभी जिलों को कड़े निर्देश जारी किए हैं. इन ज्ञानवर्धक पुस्तकों का उपयोग रोजमर्रा के कक्षा शिक्षण, प्रार्थना सभा, बाल सभा, शिक्षक-अभिभावक बैठक (PTM) और विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से किया जाएगा. इतना ही नहीं, शिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी इस विषय पर 10 मिनट का एक अनिवार्य सत्र शामिल किया जाएगा ताकि वे बच्चों को बेहतर ढंग से गाइड कर सकें.
इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को संतुलित-पौष्टिक भोजन के महत्व, जंक फूड के गंभीर नुकसान, नियमित व्यायाम, योग और खेलकूद के फायदों के बारे में बताया जाएगा. साथ ही, बच्चों को पर्याप्त नींद लेने, स्क्रीन टाइम को सीमित करने और डिजिटल उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी. स्कूलों में 'बैगलेस डे' के दिन स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी प्रतियोगिताएं जैसे पोस्टर मेकिंग, वाद-विवाद, निबंध, नाटक और स्किट का आयोजन होगा. इन संदेशों को स्कूल के सूचना पट्ट, वाट्सएप ग्रुप और एसएमसी (SMC) बैठकों के जरिए अभिभावकों तक भी पहुंचाया जाएगा.