menu-icon
India Daily

दिल्ली में मौसम का बड़ा उलटफेर, अगले 48 घंटे रहेंगे भारी; गर्मी के बीच बारिश और तूफान का अलर्ट

दिल्ली में तापमान बढ़ने के बीच IMD ने अगले दो दिनों के लिए बारिश और आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया है. तेज हवाएं और बदलता मौसम लोगों को राहत के साथ परेशानी भी दे सकता है.

babli
Edited By: Babli Rautela
दिल्ली में मौसम का बड़ा उलटफेर, अगले 48 घंटे रहेंगे भारी; गर्मी के बीच बारिश और तूफान का अलर्ट
Courtesy: X

दिल्ली में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. सुबह की हल्की गर्मी और दिन की तेज धूप के बीच अब बारिश और आंधी तूफान की चेतावनी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. India Meteorological Department ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले 2 दिन राजधानी के लिए बदलते मौसम वाले रहेंगे.  जहां एक तरफ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर बारिश और तेज हवाएं गर्मी से राहत भी दे सकती हैं. लेकिन यह राहत अपने साथ कुछ परेशानियां भी लेकर आ सकती है.

शनिवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. सफदरजंग में तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है. शहर के दूसरे इलाकों में भी तापमान बढ़ा हुआ देखा गया. पालम में 23.6 डिग्री, लोधी रोड में 24.8 डिग्री, रिज में 23.7 डिग्री और आयानगर में 25.6 डिग्री दर्ज किया गया. यह बदलाव हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद आया है, जिसने कुछ समय के लिए मौसम को ठंडा कर दिया था.

बारिश और तूफान का येलो अलर्ट

India Meteorological Department ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि अगले 2 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. ऐसे में पेड़ गिरने, बिजली कटने या ट्रैफिक प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं.

दोपहर में जारी रहेगा गर्मी का कहर

बारिश की संभावना के बावजूद दिन का तापमान ज्यादा रहने वाला है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इसका मतलब है कि सुबह और शाम का मौसम भले ही सुहावना लगे, लेकिन दोपहर में गर्मी अपना असर दिखाती रहेगी. लोगों को दिन के समय धूप से बचाव करने की सलाह दी जा रही है.

मौसम में बदलाव के बीच हवा की गुणवत्ता भी एक अहम मुद्दा बनी हुई है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अनुसार शनिवार सुबह AQI 119 दर्ज किया गया. यह स्तर मध्यम श्रेणी में आता है. इसका असर खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ सकता है. आने वाले दिनों में भी AQI इसी स्तर के आसपास रहने की संभावना है.

मौसम के इस बदलाव के बीच लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. तेज हवाओं के दौरान खुले में खड़े रहने से बचें. बारिश के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और खुले तारों से दूरी बनाए रखें. घर से निकलते समय मौसम की जानकारी जरूर लें, ताकि अचानक होने वाले बदलाव से बचा जा सके.