नई दिल्ली: दिल्ली के जनकपुरी इलाके के एक निजी स्कूल में तीन साल की नर्सरी छात्रा के साथ दुष्कर्म का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में 57 वर्षीय केयर टेकर को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पीड़ित बच्ची के परिवार ने स्कूल प्रबंधन और एक महिला शिक्षिका पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.
पुलिस के मुताबिक बच्ची विकासपुरी इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है. परिवार ने हाल ही में उसका दाखिला स्कूल की नर्सरी कक्षा में कराया था. बच्ची ने 28 अप्रैल से स्कूल जाना शुरू किया था.
मां ने पुलिस को बताया कि पहले दिन स्कूल से लौटने के बाद बच्ची की तबीयत खराब हो गई थी. इसके बाद 29 अप्रैल को भी बच्ची स्कूल गई, जिसके बाद परिजन उसे स्कूल से घर लेकर आए और बच्ची सो गई.
शाम करीब 4.30pm पर, जब बच्ची उठी तो वह दर्द से कराहने लगी. मां ने जब दर्द की वजह पूछी तो बच्ची ने स्कूल में हुई घटना के बारे में बताया. यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए.
परिजन बच्ची को पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टरों ने इसे पुलिस केस बताते हुए इलाज करने से मना कर दिया. इसके बाद परिवार बच्ची को डीडीयू अस्पताल लेकर पहुंचा. वहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई.
इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी. जनकपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. बच्ची का बयान लिया गया और उसे स्कूल ले जाया गया. वहां बच्ची ने 57 वर्षीय केयर टेकर की पहचान की.
इतना ही नहीं बच्ची पुलिस को स्कूल के गोदाम में बने उस कमरे तक भी लेकर गई, जहां कथित तौर पर यह वारदात हुई थी. पुलिस को वहां बिस्तर भी मिला. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
बच्ची के परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के समय एक महिला शिक्षिका भी मौके पर मौजूद थी, लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई. परिवार ने पुलिस पर भी परेशान करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बच्ची के बार-बार बयान लिए गए, जिससे वह मानसिक सदमे में है. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.