Malviya Nagar Hotel Fire: मालवीय नगर के फ्लोरिश स्टे होटल में लगी भीषण आग की घटना में दिल्ली पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार व्यक्ति होटल का कुक केशव नेगी है, जो दिलशाद गार्डन का रहने वाला है. पुलिस की जांच में पता चला है कि कुक की लापरवाही से आग लगी और यह हादसा इतना भयानक हो गया.
3 जून को मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित पांच मंजिला होटल में आग लगी थी. आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग अंदर फंस गए. इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हुए. मरने वालों में 10 भारतीय, 9 अफ्रीकी नागरिक और 2 तुर्कमेनिस्तान के नागरिक शामिल हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में केशव नेगी की लापरवाही सामने आई है. इसी वजह से आग लगी और जल्दी काबू में नहीं आ सकी. पुलिस ने केशव नेगी को शनिवार को गिरफ्तार किया. अब इस मामले में होटल का मालिक लवकेश बजाज पहले से ही पुलिस की हिरासत में है.
जांच में कई गंभीर बातें सामने आई हैं. होटल को फायर नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट नहीं लिया गया था. बिना अनुमति के होटल चलाया जा रहा था. इमारत में सिर्फ एक ही एंट्री-एग्जिट का रास्ता था. खिड़कियां स्थायी रूप से बंद थीं और मुख्य दरवाजा सेंसर से चलता था. इन सब कारणों से आग लगने पर लोग आसानी से बाहर नहीं निकल पाए. कई लोग धुएं और आग में फंसकर बेहोश हो गए.
पुलिस ने बताया कि होटल मालिक लवकेश बजाज और उसकी पत्नी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था. बाद में मालिक को पकड़ लिया गया. लवकेश बजाज पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है. इनमें लापरवाही से हत्या, आग लगाकर नुकसान पहुंचाना, संपत्ति को क्षति पहुंचाना और लोगों की जान को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं.
इस हादसे के बाद इलाके में लोगों में काफी गुस्सा है. कई लोग कह रहे हैं कि होटल मालिक और कर्मचारियों ने सुरक्षा के नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया था. फायर सेफ्टी के बुनियादी उपकरण भी ठीक से नहीं थे. पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि आग लगने का सही कारण क्या था और इसमें और कौन-कौन जिम्मेदार था. केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में और खुलासे होने की उम्मीद है.