menu-icon
India Daily

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बरसे बादल, लोगों को भीषण गर्मी से मिली राहत

पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी, लू और धूल भरी आंधी के बाद आखिरकार दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई. 44-46 डिग्री तापमान से झुलस रहे लोगों को इस बारिश से काफी राहत मिली.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बरसे बादल, लोगों को भीषण गर्मी से मिली राहत
Courtesy: X

पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी, लू और धूल भरी आंधी के बाद आखिरकार दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई. 44-46 डिग्री तापमान से झुलस रहे लोगों को इस बारिश से काफी राहत मिली. अचानक से काले बादल पूरे दिल्ली के आसमान पर छा गए और उसके बाद तेज बारिश हुई. बारिश के बाद तापमान में तेज गिरावट देखने को मिली.

आईएमडी ने जारी किया था ऑरेंज अलर्ट

इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली और नोएडा के लिए ऑरेंज अलर्ट और गुरुग्राम के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए गंभीर आंधी-तूफान, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 60-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की थी. इस बारिश के बाद तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है.
 

इन शहरों में भी बदलेगा मौसम

आईएमडी के अनुसार, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी रात भर आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. अधिकारियों ने तेज तूफान और आंधी के दौरान लोगों को घरों में रहने और यात्रा न करने की सलाह दी है क्योंकि इस दौरान दृश्यता कम हो सकती है.

इन जगहों पर कम होगा तापमान

इस बारिश के अगले दो घंटों में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा के कुछ भागों जैसे रोहतक और रेवाड़ी, राजस्थान के कुछ भागों जैसे अलवर में तापमान में गिरावट आने की आसार हैं. हालांकि आज की राहत से यह नहीं कहा जा सकता की गर्मी खत्म हो गई है, लेकिन इससे उस भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है जिसने पूरे क्षेत्र को अपनी जद में ले रखा था.