नई दिल्ली: दिल्ली के कंझावला इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चोरी की कोशिश करते हुए पकड़े गए एक 25 साल के युवक को स्थानीय लोगों की भीड़ ने लाठियों-डंडों से बुरी तरह पीटकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों सहित आठ लोगों को हिरासत में लिया है. आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
पुलिस के मुताबिक यह घटना मंगलवार सुबह बाहरी दिल्ली के कंझावला क्षेत्र में हुई. सुबह के समय कुछ स्थानीय लोग एक घर के पास एक युवक को संदिग्ध हालत में देखा. जब उन्होंने उसे रोका तो पता चला कि वह चोरी करने की कोशिश कर रहा था. युवक को पकड़ते ही आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई.
भीड़ ने युवक को घेर लिया और उसे बुरी तरह मारना शुरू कर दिया. पुलिस को पीसीआर कॉल मिलने पर टीम मौके पर पहुंची. तब तक युवक बुरी तरह घायल हो चुका था. उसके शरीर पर कई जगह गहरी चोटें थीं और खून बह रहा था. पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर दो दर्जन से ज्यादा लोग लाठियां और डंडे लेकर खड़े थे. क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस को कई मोबाइल वीडियो मिले हैं, जिनमें मारपीट की घटना साफ दिख रही है.
इन वीडियो के आधार पर आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है. इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. हमले में इस्तेमाल हुई लाठियां भी जब्त कर ली गई हैं. शुरुआती जांच में पता चला कि युवक चोरी के इरादे से घर में घुसने की कोशिश कर रहा था. जब लोग उसे पकड़ रहे थे तो वह आक्रामक हो गया और पास पड़ी ईंट से एक व्यक्ति के सिर पर वार कर दिया. इसके बाद गुस्साई भीड़ ने उसे बांधकर लाठियों, लातों और घूसों से बुरी तरह मारा.
पुलिस अब सभी वीडियो फुटेज को ध्यान से देख रही है. जिन लोगों की पहचान हुई है, उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, इसलिए छानबीन जारी है. पुलिस ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कोई भी आरोपी बच नहीं पाएगा.