नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में रहने वाले लोगों को पिछले कई दिनों की भीषण गर्मी और बेहद गर्म रातों के बाद आखिरकार थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई इलाकों के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश, बिजली गिरने और कुछ जगहों पर ओले पड़ने की चेतावनी दी गई है.
मौसम विभाग ने दिल्ली और नोएडा के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया ह जबकि गुरुग्राम को खराब मौसम की गंभीर आशंका के चलते 'रेड अलर्ट' पर रखा गया है. मौसम अधिकारियों के अनुसार इस क्षेत्र में धूल भरी आंधी और तेज तूफान के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि यह वेदर सिस्टम राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर के पास बन रहा है और धीरे-धीरे दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों की तरफ बढ़ रहा है. सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में गंगानगर से दिल्ली और आगरा की तरफ घने बादल फैलते हुए दिखाई दे रहे हैं जो शाम और रात के समय बड़े पैमाने पर मौसम बदलने का संकेत दे रहे हैं.
मौसम में यह अचानक बदलाव एक लंबे समय तक पड़ी कड़ाके की गर्मी के बाद आ रहा है. पिछले कुछ दिनों में कई जगहों पर दिन का तापमान 44 डिग्री से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया था. रातें भी असामान्य रूप से गर्म थीं और कुछ इलाकों में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था. इस भयंकर गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था और पूरे इलाके में बिजली की मांग भी काफी बढ़ा दी थी.
आईएमडी के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा के कुछ हिस्सों जैसे रोहतक, रेवाड़ी और राजस्थान के अलवर जैसे इलाकों में तेज हवाओं और आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में इसका मुख्य असर शाम 7:30 बजे से रात 11 बजे के बीच देखने को मिल सकता है.
दिल्ली पहुंचने से पहले इस तूफान का असर सबसे पहले हरियाणा में शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे के बीच दिखने की उम्मीद है. पंजाब में शाम 5:30 से रात 10 बजे तक और चंडीगढ़ में रात 8 बजे से मौसम खराब हो सकता है. इसके अलावा, पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी शाम और रात के दौरान बारिश और आंधी आ सकती है.
अधिकारियों ने लोगों को तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान घरों के अंदर रहने की सलाह दी है. हालांकि मौसम का यह बदलाव पूरी तरह गर्मी खत्म होने का संकेत नहीं है लेकिन इससे उत्तर भारत में चल रही भीषण लू से अस्थाई रूप से बड़ी राहत जरूर मिलेगी.