Delhi H1N1 Cases: दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. पिछले 24 घंटे में राजधानी में 166 नए H1N1 मामले सामने आए हैं, जिसके बाद इस साल कुल मामलों की संख्या 2,600 के पार पहुंच गई है. बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है. स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़ते दबाव के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इंदिरा गांधी अस्पताल का दौरा कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों के इलाज से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों के साथ संभावित रूप से बढ़ने वाले मरीजों की संख्या और अस्पतालों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई.
H1N1 मामलों में तेजी को देखते हुए दिल्ली के अस्पतालों को जरूरी तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं. अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या को संभालने, संदिग्ध मामलों की पहचान और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है. इससे पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पतालों में आइसोलेशन बेड और फ्लू से जुड़े मरीजों के लिए अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है. बड़े अस्पतालों में अतिरिक्त आइसोलेशन क्षमता तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं.
सरकार का फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि अगर आने वाले दिनों में H1N1 संक्रमण के मामले और बढ़ते हैं, तो मरीजों को समय पर इलाज मिल सके और अस्पतालों में संसाधनों की कमी न हो.
मामलों में बढ़ोतरी के बावजूद स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है. सरकार का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अस्पतालों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं. इसी बीच ICMR ने भी स्पष्ट किया है कि भारत में H1N1 का कोई नया या असामान्य स्ट्रेन सामने नहीं आया है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में फिलहाल जो H1N1 वायरस सर्कुलेट कर रहा है, वह मौसमी इन्फ्लुएंजा के सामान्य पैटर्न के अनुरूप है. ICMR के मुताबिक मौजूदा वायरस 2025 से भारत में सर्कुलेशन में है और इसमें हुए बदलाव सामान्य मौसमी बदलाव हैं.
H1N1 और मौसमी फ्लू में आमतौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द और शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. ज्यादातर स्वस्थ लोगों में मौसमी इन्फ्लुएंजा खुद ठीक हो सकता है, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों में जटिलताओं का जोखिम अधिक हो सकता है.
विशेषज्ञों की सलाह है कि फ्लू जैसे लक्षणों को लंबे समय तक नजरअंदाज न करें. खासकर अगर लक्षण गंभीर हों, लगातार बने रहें या स्थिति बिगड़ती महसूस हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीवायरल या एंटीबायोटिक दवाएं लेने से भी बचने की सलाह दी गई है.