menu-icon
India Daily

U19 टीम में सहवाग-द्रविड़ के बेटों की एंट्री, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिखेगा दम

BCCI ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ आगामी मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित कर दी है. आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ को टीम में जगह मिली है. सीरीज में तीन वनडे और दो बहुदिवसीय मुकाबले होंगे.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
U19 टीम में सहवाग-द्रविड़ के बेटों की एंट्री, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिखेगा दम
Courtesy: X (@CricCrazyJohns)

ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के भारत दौरे के लिए BCCI ने भारतीय अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है. दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों के बीच होने वाली यह सीरीज तीन वनडे और दो बहुदिवसीय मुकाबलों की होगी. इस टीम में दो नाम सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रहे हैं. पूर्व भारतीय दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को टीम में शामिल किया गया है. दोनों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी.

वनडे में लक्ष्य संभालेंगे टीम की कमान

तीन मैचों की वनडे सीरीज में लक्ष्य रायचंदानी भारतीय टीम के कप्तान होंगे, जबकि यशबर्धन चौहान उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे. खास बात यह है कि बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए जिम्मेदारी आपस में बदल जाएगी. वहां यशबर्धन कप्तानी करेंगे और लक्ष्य रायचंदानी उप-कप्तान रहेंगे. चयनकर्ताओं ने इस तरह दोनों खिलाड़ियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने का मौका दिया है.

सहवाग और द्रविड़ के सपूतों पर नजर

टीम में आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ की मौजूदगी ने सीरीज को और खास बना दिया है. दोनों पूर्व भारतीय बल्लेबाजों के बेटे हैं और अब युवा स्तर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव हासिल करने की दिशा में बढ़ रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ मुकाबलों में दोनों कैसा प्रदर्शन करते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा. हालांकि उन पर अपने पिता की विरासत का दबाव भी रहेगा.

राजकोट में होंगे तीन वनडे

भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच वनडे मुकाबलों की शुरुआत राजकोट से होगी. पहला मैच 18 सितंबर, दूसरा 21 सितंबर और तीसरा मुकाबला 23 सितंबर को खेला जाएगा. तीनों मैच सुबह 9 बजे से शुरू होंगे. वनडे मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमें बहुदिवसीय क्रिकेट की ओर बढ़ेंगी. पहला बहुदिवसीय मुकाबला भी राजकोट में खेला जाएगा.

अहमदाबाद में होगा दूसरा बहुदिवसीय मैच

पहला बहुदिवसीय मुकाबला 27 सितंबर से 30 सितंबर तक राजकोट में होगा. इसके बाद दूसरा मैच अहमदाबाद में 5 अक्टूबर से खेला जाएगा. इस सीरीज से भारत के युवा खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव मिलेगा. साथ ही आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ के प्रदर्शन पर भी सभी की निगाहें रहेंगी.

U- 19 IND का स्क्वाड

वनडे मैचों के लिए भारत की U19 टीम: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल

मल्टी-डे मुकाबलों के लिए भारत की U19 टीम: यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय विश्वास (विकेटकीपर), रोहित यादव, इशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव