दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार की सुबह एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई. इस घटना में कम से कम 6 लोगों की जलकर मौत हो गई. वहीं अभी इस बिल्डिंग में कई लोगों के फंसे हुए हैं. आग बुझाने और लोगों को बचाने के लिए वहां पर दमकल कर्मी मौजूद हैं.
दिल्ली अग्निशमन विभाग ने बताया कि उन्हें सुबह लगभग 7 बजे एक इमरजेंसी कॉल आई. इस कॉल पर उन्हें पालम मेट्रो स्टेशन के पास लेन नंबर 2 पर स्थित एक घर में आग लगने की सूचना मिली.
दमकल विभाग ने बताया कि इस सूचना के बाद, आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए कम से कम 30 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. आसपास के लोगों के मुताबिक जब इस इमारत में आग लगी तब उस घर में 18 लोग फंसे हुए थे. हालांकि जान बचाने की कोशिश में कुछ लोग ऊपरी मंजिलों से कूद गए. वहीं कुछ लोग आग और धुएं के बीच फंसे रह गए.
मिल रही जानकारी के मुताबिक जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसके निचली मंजिल पर एक शृंगार की दुकान है. जिसमें रखे केमिकल के कारण आग और भी ज्यादा बढ़ गई. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार आग तेजी से फैली जिससे इमारत से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता बंद हो गया और कई लोग अंदर ही फंस गए.
#WATCH दिल्ली: पालम इलाके की एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। मौके पर करीब 30 दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 18, 2026
(वीडियो मौके से है) pic.twitter.com/xmLgGEtiCQ
पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी इस घनी आबादी वाले इलाके में बचाव अभियान में मदद के लिए मौके पर पहुंचीं. दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा कि हमें एक रिहायशी इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी और हमें आशंका है कि कुछ लोग अंदर फंसे हो सकते हैं. हालांकि आग लगने के पीछे का असली कारण पता नहीं चल पाया, लेकिन सुबह-सुबह इस घटना के कारण लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला. जिस समय पर यह घटना घटी, उस समय कई लोग आधी नींद में ही थे. हालांकि अभी भी बचाव अभियान चलाया जा रहा है, लोगों को बाहर निकालने की पूरी कोशिश की जा रही है. कम जगह में आग लगने के कारण दूसरे घरों के जलने की संभावना भी ज्यादा है.