प्रयागराज: खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध का असर अब यूपी के प्रयागराज में भी महसूस किया जा रहा है. प्लास्टिक के कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण पानी की बोतल बनाने वाले प्लांट बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं. हालात ऐसे हैं कि GST 2.0 लागू होने के बाद बोतलबंद पानी की कीमतों में जो कमी आई थी, वह अब पूरी तरह से खत्म हो गई है.
प्लास्टिक की बढ़ती कीमतों के चलते दाम फिर से अपने पुराने स्तर पर पहुंच गए हैं. महंगाई के इस दौर ने कई औद्योगिक क्षेत्रों को प्रभावित किया है, जिससे बेरोजगारी भी बढ़ी है.
उद्यमी राजीव नैयर के अनुसार PVC की कीमत में लगभग ₹40 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है, जिसका उत्पादन पर सीधा और बुरा असर पड़ा है. वहीं, उद्यमी D.N. मिश्रा बताते हैं कि PET जिससे पानी की बोतलें और अन्य प्लास्टिक उत्पाद बनाए जाते हैं. उसकी कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है.
अब तक कीमतों में लगभग ₹47 प्रति मीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर पूरे बाजार पर पड़ रहा है. कच्चे माल की कीमतें बढ़ने से बोतलों और ढक्कनों के उत्पादन की लागत बढ़ गई है, जिसके चलते कंपनियों ने इनकी खरीद कम कर दी है.
पानी के प्लांट संचालक मनीष बताते हैं कि प्लास्टिक की बढ़ती कीमतों के कारण उनके कारोबार को भारी नुकसान हुआ है. पहले कच्चा माल ₹114 प्रति किलोग्राम मिलता था,लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर ₹175 हो गई है. बोतलबंद पानी का एक क्रेट, जो पहले ₹75 में बिकता था, अब इन बढ़ी हुई लागतों के कारण ₹90 में तैयार होता है.
यहां तक कि जब वे इसे ₹95 में बेचने की कोशिश करते हैं. जिसमें उन्हें बहुत कम मुनाफा होता है. जब भी उन्हें खरीदार नहीं मिल रहे हैं. नतीजतन, उनका प्लांट पिछले एक हफ्ते से बंद पड़ा है, जिससे उनके कर्मचारी खाली बैठे हैं.
इसके बावजूद उन्हें हर महीने बिजली का बिल चुकाना पड़ रहा है. उन्होंने आगे बताया कि अकेले बोतलों के ढक्कनों की कीमत ही दोगुनी हो गई है. जो ढक्कन पहले 20 पैसे में मिलता था, अब 40 पैसे का हो गया है; कीमत बढ़ने के बावजूद बाजार में इसकी कमी बनी हुई है.
शहर में बिसलेरी एजेंसी के संचालक S.D. दुआ के अनुसार, 'GST 2.0' लागू होने के बाद ₹10 वाली बोतल ₹9 में और ₹20 वाली बोतल ₹18 में बिक रही थी लेकिन अब कंपनियों ने अपनी कीमतें फिर से बढ़ा दी हैं. नई दरों के तहत जिस बोतल की कीमत पहले ₹9 थी, वह वापस ₹10 हो गई है, और ₹18 वाली बोतल की कीमत फिर से ₹20 हो गई है. इसी तरह, दो-लीटर वाली बोतल, जिसकी कीमत पहले ₹27 थी, अब ₹30 में बिक रही है.