menu-icon
India Daily

दिल्ली-NCR में बदला मौसम, झमाझम बारिश के बीच रेड अलर्ट जारी; 50-100 MM तक बारिश का अनुमान

दिल्ली-NCR में शुक्रवार को तेज बारिश और गरज-चमक से मौसम बदल गया. भारी बारिश की आशंका को देखते हुए IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है. राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी मौसम सक्रिय है.

KanhaiyaaZee
दिल्ली-NCR में बदला मौसम, झमाझम बारिश के बीच रेड अलर्ट जारी; 50-100 MM तक बारिश का अनुमान
Courtesy: X

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई. गरज-चमक के साथ हुई बारिश से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पहले जारी ऑरेंज अलर्ट को बढ़ाकर रेड अलर्ट कर दिया है. दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश दर्ज की गई है. लोगों को मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

राजधानी के कई हिस्सों में शुक्रवार को मध्यम से तेज बारिश हुई. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश ने दस्तक दी. लगातार बारिश होने पर निचले इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आ सकती है. सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित होने की आशंका है. हालांकि जन्माष्टमी के कारण स्कूल-कॉलेज और कई कार्यालय बंद होने से सामान्य दिनों की तुलना में सड़कों पर यातायात का दबाव कम रहने की उम्मीद है.

50 से 100 MM तक बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने का अनुमान है. बारिश के साथ तेज गरज, बिजली चमकने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

रेड अलर्ट जारी होने के बाद मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है. विभाग की सलाह है कि लोग लगातार मौसम संबंधी अपडेट देखते रहें और बहुत जरूरी होने पर ही खराब मौसम में घर से बाहर निकलें. तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर जाने से बचना भी जरूरी है. बारिश बढ़ने की स्थिति में जलभराव वाले रास्तों से दूरी रखने की सलाह दी गई है.

राजस्थान से उत्तर प्रदेश तक सक्रिय मानसून

उत्तर भारत में मौसम की सक्रियता के पीछे उत्तर मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र अहम माना जा रहा है. इसके साथ मानसून की अक्षीय रेखा भी सक्रिय है. यह रेखा श्रीगंगानगर से होते हुए निम्न दबाव क्षेत्र तक पहुंच रही है. इसके प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. इसका असर उत्तर भारत के दूसरे हिस्सों में भी देखा जा रहा है.

खंडार में 130 MM बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश हुई है. सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे अधिक 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा, धौलपुर, जयपुर और सीकर समेत कई जिलों में भी बारिश हुई. भीलवाड़ा, अजमेर, करौली, टोंक, बारां, कोटा और झालावाड़ में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी कई इलाकों में सतर्कता बरतने को कहा है.