नई दिल्ली: दिल्ली-NCR के लोगों को भीषण गर्मी से फिलहाल कुछ राहत मिलती नजर आ रही है. सोमवार को हुई बारिश और तेज आंधी के बाद मंगलवार सुबह भी आसमान घने बादलों से ढका रहा. नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत कई इलाकों में ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया. लगातार बदलते मौसम ने जहां तापमान पर ब्रेक लगाया है, वहीं लोगों को उमस और गर्मी से भी राहत मिली है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों तक मौसम का यही बदला हुआ रूप देखने को मिल सकता है. बीच-बीच में हल्की बारिश, बादलों की आवाजाही और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है. विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल तापमान में बड़ी बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं.
सोमवार को दोपहर के समय दिल्ली के कई हिस्सों में तेज आंधी चली. पालम क्षेत्र में हवा की रफ्तार 93 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जबकि पूसा में 78 और आयानगर में 65 किलोमीटर प्रति घंटा की गति दर्ज की गई. इसके साथ कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे मौसम अचानक बदल गया.
बता दें पालम में 9 मिमी और आयानगर में लगभग 4.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं सफदरजंग और लोधी रोड क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली.
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) ने इस मौसम गतिविधि को जन्म दिया. इसके अलावा अरब सागर से आने वाली नमी युक्त दक्षिण-पश्चिमी हवाओं ने भी बादल बनने और वर्षा होने में अहम भूमिका निभाई.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगले दो दिनों तक ऐसी गतिविधियां जारी रह सकती हैं, हालांकि धीरे-धीरे उनकी तीव्रता कम होने लगेगी.
बारिश ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं गुरुग्राम में नगर व्यवस्था की पोल भी खोल दी. महज 20 मिनट की बारिश के बाद कई मुख्य सड़कों, चौराहों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. ऑफिस जाने वाले लोगों को ट्रैफिक और पानी भरने की समस्या का सामना करना पड़ा.
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इससे दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी. हालांकि सप्ताह के अंत तक मौसम साफ होने पर गर्मी फिर से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.