दिल्ली विधानसभा और उसके स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को एक बार फिर से ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इस ईमेल के बाद राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. आज दिल्ली का बजट पेश होने वाला था, उससे पहले ही सुबह लगभग 8 बजे विधानसभा को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ. इसके कुछ सेकंड के बाद ही स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी धमकी मिली.
मिल रही जानकारी के मुताबिक धमकी केवल विधानसभा परिसर तक सीमित नहीं थी, बल्कि विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई. इसके अलावा ईमेल में कई बड़े नेताओं के नाम शामिल किए गए. जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का भी शामिल था.
विधानसभा को आए इस ईमेल में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मंजीत सिंह सिरसा का नाम भी विशेष रूप से लिया गया. ईमेल में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा गया कि 'नेताओं से कहो कि अपनी सुरक्षा खुद संभालें'. इस ईमेल में खालिस्तानी नेशनल आर्मी नाम के संगठन का जिक्र किया गया. इस संगठन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री, पूरी कैबिनेट और उपराज्यपाल को भी धमकी दी है.
ईमेल में दिल्ली बनेगा खालिस्तान जैसी बात लिखी गई. हालांकि ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है. दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य टीमों को विधानसभा परिसर और आसपास भेज दिया गया है. स्निफर डॉग्स के साथ तलाशी ली जा रही है. विधानसभा के आसपास और दिल्ली के महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर तुरंत जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
अधिकारी ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है, हालांकि अभी तक धमकी की सत्यता की पुष्टि नहीं की गई है. हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब धमकी भरे ईमेल मिले हो. इससे पहले भी दिल्ली विधानसभा को धमकी दी जा चुकी है. इसके अलाव कई स्कूलों, मॉल और सार्वजनिक जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. लेकिन हर बार ऐसे ईमेल फर्जी निकले हैं. यह घटना बजट सत्र के दिन आई है. इससे विधानसभा में कामकाज प्रभावित हुआ है. हालांकि लोगों से ना घबराने की अपील की गई है और कहा गया है कि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है.