menu-icon
India Daily

दुनियाभर में गैस सिलेंडर पर संकट, मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच चेक करें भारत में आज महंगा या सस्ता हुआ LPG

पूरे भारत में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं; सरकार ने होर्मुज स्ट्रेट टेंशन और मिडिल ईस्ट संकट के बावजूद पर्याप्त स्टॉक का भरोसा दिया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
दुनियाभर में गैस सिलेंडर पर संकट, मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच चेक करें भारत में आज महंगा या सस्ता हुआ LPG
Courtesy: ani

नई दिल्ली: आज 24 मार्च 2026 को देशभर में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट पर बढ़ते संकट के बावजूद सरकार ने साफ कहा है कि आम उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं. घरेलू रसोई गैस की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी. हालांकि, वैश्विक स्तर पर गैस आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है. भारत अपनी एलपीजी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है.

सप्लाई प्रभावित होने की आशंका

करीब 60-65 प्रतिशत गैस विदेश से आती है, जिसमें 90 प्रतिशत होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते गुजरती है. मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है, लेकिन सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए स्थिति को संभालने के लिए तुरंत कदम उठाए हैं.

घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर

24 मार्च को पूरे देश में 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम पहले जैसे ही हैं. मार्च की शुरुआत में ही 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, उसके बाद कोई नई घोषणा नहीं की गई. कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें भी स्थिर बनी हुई हैं.

सरकार ने लिया सख्त फैसला

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सरकार ने एलपीजी को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत ला दिया है. घरेलू उपभोक्ताओं को पूरी सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है, जबकि कमर्शियल उपयोगकर्ताओं की सप्लाई को उनकी जरूरत के महज एक-पांचवें हिस्से तक सीमित कर दिया गया है. इसका मकसद आम आदमी की रसोई पर कोई असर न पड़ना है.

बड़े शहरों में आज के एलपीजी रेट

  • नई दिल्ली: घरेलू ₹913, कमर्शियल ₹1,884.50
  • मुंबई: घरेलू ₹912.50, कमर्शियल ₹1,836
  • कोलकाता: घरेलू ₹939, कमर्शियल ₹1,988.50
  • चेन्नई: घरेलू ₹928.50, कमर्शियल ₹2,043.50
  • हैदराबाद: घरेलू ₹965, कमर्शियल ₹2,105.50
  • लखनऊ: घरेलू ₹950.50, कमर्शियल ₹2,007
  • बेंगलुरु: घरेलू ₹915.50, कमर्शियल ₹1,958
  • पटना: घरेलू ₹1,002.50, कमर्शियल ₹2,133.50

सप्लाई मजबूत करने की तैयारी

सरकार अब स्टॉक बढ़ाने पर जोर दे रही है. तेल कंपनियां फिलहाल सिर्फ 2-3 दिन का स्टॉक रखती हैं, इसलिए लंबे समय के भंडारण की योजना बनाई जा रही है. साथ ही PNG और सिटी गैस प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. बड़े शहरों में कमर्शियल उपयोग के लिए एलपीजी पर निर्भरता कम करने के प्रयास भी चल रहे हैं.

आयात के नए रास्ते तलाश रहे हैं

भारत अब अमेरिका और कनाडा जैसे देशों से एलपीजी आयात बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है. इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने हाल ही में अमेरिका से बड़े पैमाने पर एलपीजी आयात का समझौता किया है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर तनाव लंबा चला तो कीमतों पर असर पड़ सकता है, लेकिन फिलहाल आम उपभोक्ता सुरक्षित हैं.