दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से एलपीजी सिलेंडर विस्फोट की जानकारी सामने आई है. मिल रही जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह सिलेंडर के फटने की वजह से एक इमारत ढह गई, जिसमें 6 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. मामले की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग घटनास्थल पर पहुंच चुका है.
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली दमकल सेवा को सुबह करीब 9:30 बजे एक आपातकालीन कॉल आई, जिसमें बताया गया कि एक बिल्डिंग में धमाके के बाद पूरी इमारत ढह गई. जिसके बाद तुरंत आपातकालीन टीमों को घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया.
दमकल विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. घटनास्थल पर पहुंचने के बाद बचाव कर्मियों और स्थानीय अधिकारियों ने मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह घटना एक ऐसी इमारत में हुई, जिसका इस्तेमाल बर्तन चमकाने की जगह के तौर पर किया जा रहा था. धमाके का सही कारण अभी आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती जांच से यह पता चलता है कि यह विस्फोट एलपीजी सिलेंडर के ब्लास्ट होने की वजह से हुआ था. अधिकारियों ने बताया कि धमाका इतना ज़ोरदार था कि करीब 250 वर्ग गज इलाके में फैली एक मंज़िला इमारत ढह गई.
#WATCH | Delhi Fire Service- "We received information that a single-storey house in the Mukundpur area has collapsed following an LPG cylinder explosion. Search and rescue operations are underway."
— ANI (@ANI) June 2, 2026
According to the Delhi Police, six people have been injured in this incident.… pic.twitter.com/j4IbRNuimA
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में छह से ज्यादा लोगों के घायल होने की आशंका है. हालांकि, घायल लोगों को कितनी गंभीर चोट लगी है, इसके बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है. घटनास्थल पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
डॉक्टरों द्वारा विस्तृत मेडिकल जांच के बाद ही स्थिति के बारे में अधिक जानकारी सामने आएगी. आपातकालीन बचाव दल घटनास्थल पर तलाशी और बचाव कार्य कर रहे हैं, ताकि अगर कोई व्यक्ति मलबे के नीचे दबा हो तो उसे जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके. इसके लिए दमकल विभाग, पुलिस और अन्य नागरिक एजेंसियों की टीमें इलाके में तैनात है. इससे पहले गाजियाबाद में भी एक रिहायशी इमारत में आग लग गई थी, जिसमें तीन पालतू कुत्तों की जान चली गई. यह हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हो सकता है.