रायपुर: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. छत्तीसगढ़ के सरकारी कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है.
विभाग ने कुल 700 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को भेज दिया है. उम्मीद है कि आयोग जल्द ही इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा.
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, इस भर्ती अभियान के तहत सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) के 625 पद भरे जाएंगे. इसके अलावा ग्रंथपाल (Librarian) के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी (Sports Officer) के 25 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएगी. इस तरह कुल मिलाकर 700 पदों पर भर्ती की योजना बनाई गई है.
विभाग ने बताया कि सभी पदों के लिए विषयवार रिक्तियों की सूची तैयार कर ली गई है. और साथ ही राज्य सरकार के नियमों के अनुसार, आरक्षण रोस्टर भी तय किया गया है. भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 24 फरवरी 2026 को पूरी जानकारी के साथ प्रस्ताव CGPSC को भेज दिया गया है. सरकारी कॉलेजों में कई विषयों में सहायक प्राध्यापक की भर्ती की जाएगी. विषयवार पदों की संख्या इस प्रकार है.
हिंदी – 50 पद
अंग्रेजी – 50 पद
राजनीति शास्त्र – 50 पद
अर्थशास्त्र – 25 पद
समाजशास्त्र – 50 पद
इतिहास – 25 पद
भूगोल – 25 पद
भौतिक शास्त्र – 50 पद
गणित – 50 पद
रसायन शास्त्र – 50 पद
वनस्पति शास्त्र – 50 पद
प्राणी शास्त्र – 50 पद
इसके अलावा कंप्यूटर एप्लीकेशन में 15 पद, वाणिज्य में 75 पद और विधि विषय में 10 पदों पर भर्ती की जाएगी.
उच्च शिक्षा विभाग ने इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों की संख्या और परीक्षा का सिलेबस भी CGPSC को भेज दिया है. अब आयोग जल्द ही भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा. नोटिफिकेशन जारी होने के बाद योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इस भर्ती से राज्य के सरकारी कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को काफी हद तक दूर करने में मदद मिलेगी और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा.