menu-icon
India Daily

छत्तीसगढ़ के पावर प्लांट में भीषण हादसा, बॉयलर फटने से 9 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 50 बुरी तरह झुलसे

सक्ती के वेदांता पावर-प्लांट में बॉयलर फटने से 9 लोगों की मौत हो गई. वहीं 50 मजदूर झुलस गए हैं.

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
छत्तीसगढ़ के पावर प्लांट में भीषण हादसा, बॉयलर फटने से 9 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 50 बुरी तरह झुलसे
Courtesy: X

छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले के सिंघीतराई में बड़ा हादसा हो गया है. सत्ती के वेदांता पावर-प्लांट में बॉयलर फटने से करीब 9 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 50 मजदूरों के झुलसने की संभावना है. चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. कई लोगों को रेस्कयू कर अस्पताल ले जाया जा रहा है. घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और मौतों का आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजन हंगामा कर रहे हैं.

धमाके से दहला इलाका

जानकारी के मुताबिक, प्लांट में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था और मजदूर बॉयलर के पास अपनी ड्यूटी कर रहे थे. तभी अचानक बॉयलर में एक जोरदार धमाका हुआ. यह ब्लास्ट इतना भयंकर था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और पूरा पावर प्लांट दहल उठा.

धमाके के बाद वहां काम कर रहे मजदूरों को भागने तक का मौका नहीं मिला. चंद सेकंड के भीतर ही आग की तेज लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद वहां सिर्फ अफरा-तफरी और चीख-पुकार ही सुनाई दे रही थी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा- पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे और घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए.

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया. भारी पुलिस बल, एंबुलेंस और दमकल की कई गाड़ियां तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना की गईं. मौके पर पहुंचते ही बचाव कर्मियों ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस और रेस्क्यू टीम ने झुलसे हुए मजदूरों को मलबे और आग के बीच से निकालकर आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है.

अस्पताल में भर्ती घायलों में से कई मजदूरों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर करने की तैयारी की जा रही है. दमकल कर्मी प्लांट में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं.

खबर अपडेट हो रही है...