बिहार में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए कथित हमले की जांच के दायरे में खुद खान सर ही आ चुके हैं. पुलिस इस मामले में अभी तक खान सर के दो बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस ने खान सर से भी पूछताछ की है और अब इस मामले में उनकी गिरफ्तारी की भी तैयारी चल रही है. हालांकि उनकी गिरफ्तारी होगी या नहीं इस पर पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस ने इस मामले में खान सर पर जो FIR दर्ज की है उसमें कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
सामने आई एफआईआर की कॉपी
एफआईआर की जो कॉपी सामने आई है उसमें उनके बॉडीगार्ड द्वारा गोली चलाने की बात का जिक्र किया गया है. साथ ही कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी बात कही गई है. एफआईआर में आरोप है कि खान सर ने अपने बॉडीगार्ड्स से कहा कि देख क्या रहे हो भीड़ पर अविलंब फायर करो जो होगा मैं देख लूंगा. खान सर के निर्देश के बाद ही उनके गार्ड्स ने फायरिंग की.
खान सर की गिरफ्तारी को लेकर जमकर प्रदर्शन
गुरुवार को खान सर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के छात्रों ने पटना में जमकर प्रदर्शन किया था. इस दौरान छात्रों ने मांग की थी कि खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रौशन आनंद के खिलाफ जानबूझकर झूठा आरोप लगाया है. छात्रों ने कारगिल चौक पर कैंडल मार्च भी निकाला था.
जेपी से भी बड़े आनंदोलन की चेतावनी
पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा था कि वे रौशन सर की रिहाई की मांग को लेकर यहां पहुंचे हैं और उनको तुरंत रिहा करने की अपील कर रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं होती तो जेपी से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा.छात्रों ने कहा कि इस पूरे मामले में खान सर की भूमिका संदिग्ध है, उन्हीं के इशारे पर गोली चलवाई गई है. ऐसे में अभी तक खान सर की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है.