menu-icon
India Daily

खान सर की मुश्किलें बढ़ीं! फायरिंग वीडियो के बाद हत्या की कोशिश का केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की रेड

पटना के खान सर कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और जवाबी फायरिंग मामले में पुलिस ने खान सर पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है. खान सर ने इसे आत्मरक्षा बताया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
खान सर की मुश्किलें बढ़ीं! फायरिंग वीडियो के बाद हत्या की कोशिश का केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की रेड
Courtesy: social media

पटना: पहले जहां बच्चों को सिर्फ कलम चलाना सिखाया जाता था वहीं आज के दौर में कोचिंग सेंटरों के बाहर बंदूकें चमकने लगी हैं. पटना के मशहूर शिक्षक 'खान सर' और उनके कोचिंग संस्थान के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है जो अब एक गंभीर कानूनी पचड़े में बदल चुका है. पटना के कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह पूरी कार्रवाई कोचिंग सेंटर के बाहर हुई गोलीबारी का वीडियो सामने आने के बाद की गई है.

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 2 जून की रात की है जब कुछ लोगों ने खान सर के कोचिंग संस्थान पर कथित तौर पर हमला बोल दिया था. इस हंगामे के दौरान खान सर के सुरक्षाकर्मियों ने अपनी बंदूकों से गोलियां चलाईं जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया. पुलिस इस मामले में पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से पूछताछ के बाद अब एफआईआ में उनका नाम भी बतौर आरोपी शामिल कर लिया गया है.

खान सर ने बॉडीगार्ड्स का किया बचाव

दूसरी तरफ खान सर ने अपने सुरक्षाकर्मियों का बचाव करते हुए कहा है कि फायरिंग पूरी तरह से 'सेल्फ डिफेंस' में की गई थी. उनके मुताबिक हमलावर बेहद हिंसक थे और पुलिस के आने तक वहां मौजूद लोगों की जान बचाने के लिए गार्ड्स को मजबूरन गोली चलानी पड़ी. उनका इरादा किसी को निशाना बनाना नहीं था.

क्लासरूम का वीडियो हो रहा वायरल

इस बीच क्लासरूम के अंदर का खान सर का एक वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है जिसमें वे छात्रों को सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए कह रहे हैं कि उनके एक गार्ड को 20-25 लोगों ने बेरहमी से पीटा था लेकिन पुलिस ने उस मुख्य आरोपी को अभी तक नहीं पकड़ा है. हाथ में किताब थामे खान सर ने छात्रों से भावुक होते हुए कहा कि अगर उनका यह संस्थान बंद हो गया तो शहर में कोचिंग की फीस बहुत ज्यादा बढ़ जाएगी. उनका मकसद कभी मुनाफा कमाना नहीं बल्कि बच्चों को सस्ती शिक्षा देना रहा है. बहरहाल पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है.