पटना: बिहार विधानसभा चुनाव का शोर पूरे जोर पर है. एक तरफ गठबंधन की रणनीति, दूसरी तरफ आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. लेकिन इसी राजनीतिक उफान के बीच सोशल मीडिया पर एक छोटा-सा वीडियो ऐसा वायरल हो रहा है, जो न सिर्फ सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है, बल्कि लालू प्रसाद यादव के परिवार की आपसी दूरियों को एक बार फिर सबके सामने ला खड़ा किया है.
वीडियो में मुख्य किरदार हैं लालू परिवार के दो वारिस बड़े भाई तेज प्रताप यादव और छोटे भाई तथा आरजेडी के चाणक्य कहे जाने वाले तेजस्वी यादव. जगह है पटना एयरपोर्ट. यह क्लिप मशहूर यूट्यूबर समदीश भाटिया के शो ‘अनफिल्टर्ड विद समदीश’ की है, जिसे लालू जी की बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया. बस यही शेयरिंग सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई.
वीडियो की शुरुआत होती है तेज प्रताप यादव से. वो एयरपोर्ट की एक दुकान में खड़े होकर बंडी (जैकेट) चुन रहे हैं. ठीक उसी वक्त तेजस्वी यादव चेक-इन काउंटर पर हैं. अचानक दोनों की नजरें मिलती हैं. तेजस्वी दूर से ही मुस्कुराते हुए चिल्लाते हैं “शॉपिंग करा रहे हैं क्या भइया?”
तेज प्रताप चौंकते हैं. एक पल को मुस्कुराने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनके चेहरे पर जो भाव उभरता है, वो हंसी नहीं, बल्कि गहरी उदासी और बेबसी का मिश्रण लगता है. वो बस हल्के से सिर हिलाते हैं और नजरें झुका लेते हैं. बस यही 8-10 सेकंड का सीन है, लेकिन इसमें छुपी भावनाएं इतनी गहरी हैं कि देखने वाला भी स्तब्ध रह जाता है.
मीसा भारती ने ये वीडियो शेयर किया है. इस पल को देखकर मीसा भारती ने टूटे हुए दिल के इमोजी के साथ वीडियो शेयर करते हुए सिर्फ “भाई.” लिखा. तेज प्रताप यादव जहां इस बार जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) से महुआ सीट से मैदान में हैं, वहीं तेजस्वी यादव आरजेडी उम्मीदवार के रूप में राघोपुर से किस्मत आजमा रहे हैं. तेज प्रताप इस बार चुनाव में अकेले दिखे. उन्हों पार्टी का समर्थन मिला न परिवार का. वहीं तेजस्वी के लिए राबड़ी देवी, मीसा भारती और पूरी आरजेडी मशीनरी सक्रिय दिखी.