menu-icon
India Daily

पहले दोस्तों ने बुलाया फिर बेरहमी से पीटा, गंभीर हालत में अस्पताल के बाहर छोड़ हुए फरार, इलाज के दौरान युवक की मौत

पटना के चौक थाना क्षेत्र में 15 साल के अमर कुमार की दोस्तों द्वारा पीट पीटकर हत्या कर दी गई. गंभीर हालत में उसे अस्पताल के बाहर छोड़ दिया गया था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पहले दोस्तों ने बुलाया फिर बेरहमी से पीटा, गंभीर हालत में अस्पताल के बाहर छोड़ हुए फरार, इलाज के दौरान युवक की मौत
Courtesy: Grok AI

पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 15 साल के नाबालिग अमर कुमार की पीट पीटकर हत्या कर दी गई. यह घटना चौक थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. आरोप है कि अमर के चार नाबालिग दोस्तों ने साजिश के तहत उसे घर से बुलाया और बेरहमी से पीटा. गंभीर हालत में उसे अस्पताल के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मृतक अमर कुमार मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के शिव कॉलोनी रानीपुर का रहने वाला था. परिजनों के अनुसार बुधवार शाम उसके कुछ दोस्त मोटरसाइकिल से उसे घर से बुलाकर ले गए थे. देर रात परिवार को सूचना मिली कि अमर को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिवार वाले जब अस्पताल पहुंचे तो अमर की मौत हो चुकी थी.

परिजनों ने क्या लगाया आरोप?

परिजनों ने आरोप लगाया है कि अमर की बेरहमी  पिटाई की गई. अमर के पिता मनोज यादव ने कहा कि उनके बेटे को जान से मारने की नीयत से बुलाया गया था. उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि उन्हें पहले मेहंदीगंज थाना, फिर चौक थाना और उसके बाद पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया, जिससे परिवार मानसिक रूप से टूट गया.

हत्या के पीछे क्या है वजह?

सूत्रों के मुताबिक हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक की बहन से अमर द्वारा कथित छेड़छाड़ को लेकर पहले विवाद हुआ था. इसी रंजिश में अमर को चौक थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में ले जाया गया और वहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई.

हालत गंभीर होने पर आरोपियों ने क्या किया?

जब आरोपियों को लगा कि अमर की हालत बेहद गंभीर हो चुकी है, तो वे उसे NMCH अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर उसे छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन अमर को बचाया नहीं जा सका. शव को गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.