menu-icon
India Daily

पानी से भरे गड्ढे में समा गए दो सगे भाई समेत 5 मासूम, सभी की हुई मौत; इलाके में शोक की लहर

बिहार के मधुबनी जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. बिस्फी इलाके के केरवार गांव में पानी से भरे गहरे गड्ढे में नहाने गए पांच मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई.

KanhaiyaaZee
पानी से भरे गड्ढे में समा गए दो सगे भाई समेत 5 मासूम, सभी की हुई मौत; इलाके में शोक की लहर
Courtesy: X/@AbhinavOffcial

मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले से एक हृदयविदारक घटना हुई है. बुधवार को बिस्फी के पतौना थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले केरवार गांव में पांच मासूम बच्चों की असमय मौत हो गई. चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए ये सभी बच्चे गांव के ही पास पानी से लबालब भरे एक गहरे गड्ढे में स्नान करने गए थे. इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है.

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक तीन बच्चों ने पानी के भीतर ही दम तोड़ दिया था. वहीं दो बच्चों को बेहद नाजुक हालत में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें भी नहीं बचाया जा सका. जान गंवाने वाले सभी मासूम बच्चे इसी गांव के रहने वाले थे, जिनकी उम्र 10 से 15 साल के बीच बताई जा रही है.

सगे भाइयों समेत पांच मृतकों की हुई पहचान

इस भीषण हादसे का शिकार हुए बच्चों में दो लड़कियां और तीन लड़के शामिल थे. मृतकों की शिनाख्त गांव के ही ललित पंडित की 12 वर्षीय बेटी सलोनी कुमारी, छोटे पंडित के 15 साल के बेटे अभिषेक, दिनेश पंडित के दो बेटों 13 वर्षीय प्रशांत व 10 वर्षीय रिंकु कुमार और नुनु पंडित की 12 साल की बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है. इस घटना में दिनेश पंडित के दो सगे बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए सभी शव

घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई. हादसे की सूचना पाकर बिस्फी थाना पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने सभी पांचों बच्चों के शवों को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और फिर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया. प्रशासन इस मामले में आगे की कानूनी तफ्तीश में जुट गया है.

एक को बचाने के चक्कर में डूबे सभी मासूम

गांव के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इलाके में पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से सभी बच्चे दोपहर के समय वहां नहाने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान एक बच्चा अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण गहरे पानी में समाने लगा. उसे डूबता देख बाकी साथियों ने एक-दूसरे को बचाने की कोशिश की, लेकिन गड्ढा अत्यधिक गहरा होने के कारण वे सभी एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में गहरे पानी के दलदल में समाते चले गए.

अवैध खनन और लापरवाही पर फूटा गुस्सा

ग्रामीणों ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर जमीन मालिक की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. आरोप है कि एक निजी जमीन पर मिट्टी के अवैध खनन के लिए जेसीबी मशीन से करीब 10 से 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था. इस जानलेवा गड्ढे के चारों तरफ सुरक्षा के लिए कोई घेराबंदी या बाड़ नहीं लगाई गई थी, जिससे हमेशा हादसे का डर बना रहता था. आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषी जमीन मालिक के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.