menu-icon
India Daily

पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

दावा किया जा रहा है कि दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद और वर्चस्व की लड़ाई के कारण यह घटना हुई हो सकती है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस
Courtesy: ANI

पटना के मुसल्लहपुर इलाके में मंगलवार रात मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर (Khan Sir) के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, वहां 5 से 6 राउंड गोलियां चलाई गईं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में डर का माहौल बन गया.

वर्चस्व की लड़ाई बतायी जा रही वजह

बताया जा रहा है कि यह घटना मुसल्लहपुर हाट इलाके में हुई, जहां खान सर का कोचिंग संस्थान स्थित है. कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद और वर्चस्व की लड़ाई के कारण यह घटना हुई हो सकती है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही इलाके में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके. मुसल्लहपुर थाने की अधिकारी सीतु कुमारी ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. इसके अलावा सड़क किनारे लगे खान सर के पोस्टर और बैनर भी फाड़े गए हैं.

किसी के घायल होने की सूचना नहीं

फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग किसने की और इसके पीछे असली वजह क्या थी. मामले की जांच जारी है.

कौन हैं खान सर

खान सर देश के सबसे लोकप्रिय शिक्षकों में गिने जाते हैं. वे अपने यूट्यूब चैनल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग सेंटर के लिए जाने जाते हैं. उनकी पढ़ाने की शैली छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय है. उनका असली नाम आज भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है और ज्यादातर लोग उन्हें सिर्फ खान सर के नाम से ही जानते हैं.