Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर हमलावर होती नजर आ रही है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को दावा किया है कि ये चुनाव (लोकसभा चुनाव 2024) नरेंद्र मोदी का आखिरी चुनाव है. खड़गे ने कहा कि भाजपा इसके साथ ही संविधान और लोकतंत्र को खत्म कर रही है. इसके साथ ही खड़गे ने केंद्र की भाजपा के साथ-साथ बिहार के सीएम नीतीश कुमार की भी आलोचना की.
बिहार के औरंगाबाद में गुरुवार को कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया. इस दौरान खड़गे ने सत्ताधारी भाजपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा है कि भाजपा ने अपने वादे के मुताबिक नौकरियां नहीं दी हैं. उनके शासन में देश की कर्ज की स्थिति खराब हो गई है. उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि दो करोड़ नौकरियां कहां हैं? मोदी की गारंटी कहां है? वह 15 लाख रुपये कहां हैं, जिसका उन्होंने वादा किया था?
"खड़गे ने कहा कि या तो प्रधानमंत्री झूठे हैं या आप लोग? क्योंकि उन्होंने (भाजपा) कहा था कि मैं सभी को 15 लाख रुपये दूंगा, लेकिन आप लोग कह रहे हैं कि आपको नहीं मिले. यूपीए के समय सरकार केवल 55 लाख करोड़ रुपये कर्ज में थी, लेकिन मोदी काल में हम 185 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में हैं. खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा न तो संविधान को मानती है और न ही लोकतंत्र को. उन्होंने कहा कि वो तानाशाही चाहते हैं. इसलिए हमें खुद को मजबूत करके उनसे लड़ने की जरूरत है. खड़गे ने एनडीए में शामिल होने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी आलोचना की.
उन्होंने कहा कि जिस तरह से आपने न्याय यात्रा का समर्थन किया, खासकर यहां मौजूद लोगों की संख्या को देखने के बाद मुझे विश्वास है कि इस बार कांग्रेस यहां जीतेगी. खड़गे बोले कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था, मर जाएंगे लेकिन भाजपा में नहीं जाएंगे, लेकिन आप चले गए. उन्होंने कहा कि आज असली नेता राहुल गांधी हैं, जो सच्चाई के रास्ते पर चलते हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी का अन्याय के खिलाफ खड़े होने का इतिहास रहा है. हम किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं. साथ मिलकर हम न्याय की इस बड़ी लड़ाई को जीतेंगे.