menu-icon
India Daily

लूटो - लूटो! बारिश से गड्ढे में पलटी कार, दरवाजा खुलते ही होने लगी शराब की बरसात; Video में देखें कैसे मची लूटने की होड़

समस्तीपुर के दलसिंहसराय में तेज बारिश के दौरान शराब से भरी कार गड्ढे में पलट गई. कार सवार फरार हो गए और शराब की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने टेट्रा पैक लूट लिए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
लूटो - लूटो! बारिश से गड्ढे में पलटी कार, दरवाजा खुलते ही होने लगी शराब की बरसात; Video में देखें कैसे मची लूटने की होड़
Courtesy: @SadanJee X Account

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में तेज बारिश के बीच शराब से भरी एक कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए. कुछ देर बाद कार में शराब होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ वहां जुट गई. पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने कार से शराब के टेट्रा पैक निकाल लिए और उन्हें लेकर भागने लगे. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

यह मामला दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा चौक के पास का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, कार समस्तीपुर की ओर से बरौनी की तरफ जा रही थी. इसी दौरान तेज बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई. पगड़ा चौक के पास चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद कार सड़क किनारे मौजूद गहरे गड्ढे में जा पलटी.

चालक समेत अन्य लोग मौके से फरार

हादसे के बाद कार में सवार चालक समेत अन्य लोग मौके से फरार हो गए. दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे. इसी दौरान लोगों को कार के अंदर शराब होने की जानकारी मिली. इसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग गड्ढे में उतर गए और कार से शराब के टेट्रा पैक निकालने लगे.

वायरल वीडियो में कई लोग शराब के टेट्रा पैक हाथों में लेकर भागते नजर आ रहे हैं. कुछ लोग एक-दो पैकेट लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग बड़ी संख्या में टेट्रा पैक इकट्ठा करते नजर आए. कुछ ही देर में कार के अंदर रखी शराब लगभग पूरी तरह गायब हो गई.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो कार गड्ढे में पड़ी थी लेकिन उसमें शराब नहीं मिली. दलसिंहसराय के अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार के मुताबिक पुलिस को पगड़ा चौक के पास कार पलटने की सूचना मिली थी. टीम मौके पर पहुंची तो स्थानीय लोगों द्वारा शराब के टेट्रा पैक ले जाने की जानकारी मिली.

पुलिस ने शराब लेकर जाने वाले लोगों से उसे वापस करने की अपील की है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि शराब बरामद होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस शराब ले जाने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है.

पुलिस कार के नंबर के आधार पर भी जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार में कौन लोग सवार थे और शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी. क्रेन की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया है. बारिश के कारण हुए हादसे के बाद शराब लूटने की घटना ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है.