बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत इन दिनों पटना में हैं. इसी दौरान उन्होंने आरजेडी नेता और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव से मुलाकात की. इसके बाद तेज प्रताप उन्हें अपने परिवार से मिलवाने के लिए पटना स्थित आवास पर ले गए. यहां मल्लिका शेरावत ने राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य से मुलाकात की. इस खास मुलाकात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मल्लिका शेरावत शनिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पटना पहुंची थीं. इसी दौरान उनकी मुलाकात जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव से हुई. तेज प्रताप ने बताया कि वह इससे पहले भी मल्लिका से जियो के एक कार्यक्रम और 'भोजपुर बबाल' शो के दौरान मिल चुके हैं.
मुलाकात के दौरान जब मल्लिका को पता चला कि तेज प्रताप पटना में हैं, तो उन्होंने उनके परिवार से मिलने की इच्छा जताई. इसके बाद तेज प्रताप उन्हें अपने घर लेकर पहुंचे.तेज प्रताप यादव के पटना स्थित आवास पर पहुंचने के बाद मल्लिका शेरावत ने पूर्व मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी से मुलाकात की. इस दौरान रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं. तेज प्रताप भी इस मुलाकात के दौरान साथ दिखाई दिए.
परिवार के सदस्यों ने मल्लिका का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान माहौल काफी खुशनुमा नजर आया. आमने-सामने मुलाकात के अलावा मल्लिका ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार के दूसरे सदस्यों से भी बातचीत की.
मल्लिका शेरावत के साथ हुई इस खास मुलाकात का वीडियो तेज प्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो में मल्लिका को लालू परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो शेयर करते हुए तेज प्रताप ने इस मुलाकात को अपने और अपने पूरे परिवार के लिए खास और यादगार बताया. उन्होंने मल्लिका शेरावत के सरल स्वभाव और अपनेपन की तारीफ भी की.
तेज प्रताप ने लिखा कि कुछ मुलाकातें सिर्फ मुलाकात नहीं होतीं, बल्कि जिंदगीभर के लिए खूबसूरत यादें बन जाती हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद मल्लिका शेरावत और लालू परिवार की यह मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है.