बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव भी अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे. वोटिंग के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और जनता से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. खेसारी ने कहा कि 'हर बिहारवासी को वोट देना चाहिए, क्योंकि यही लोकतंत्र की असली ताकत है.' हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे पवन सिंह पर किए गए विवादित बयान को लेकर सवाल पूछा, तो खेसारी के सुर बदले-बदले नजर आए.
बीते दिनों खेसारी लाल यादव ने पवन सिंह के निजी जीवन और शादी पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों सितारों के फैंस के बीच जबरदस्त बहस छिड़ गई थी. लेकिन अब खेसारी ने शांत रुख अपनाते हुए कहा, 'छोड़िए ना, किसी पर कमेंट करने से जनता को फर्क नहीं पड़ने वाला है. मैं क्या हूं, कैसे हूं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा. बिहार की व्यवस्था और विकास से ही लोगों को फर्क पड़ता है.'
उनका यह बयान इस बात का संकेत माना जा रहा है कि अब वह विवादों से बचते हुए चुनाव में अपनी छवि ‘जिम्मेदार कलाकार’ के रूप में दिखाना चाहते हैं. इसी बातचीत के दौरान जब खेसारी से राम मंदिर पर उनके बयान को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'राम मंदिर में पढ़कर मैं क्या मास्टर बन जाऊंगा? प्रोफेसर बन जाऊंगा? वो आस्था का विषय है, राजनीति का नहीं. मंदिर श्रद्धा की बात है, न कि विकास की.'
खेसारी ने इस मौके पर खुद को विकास और जनता के मुद्दों पर केंद्रित बताते हुए कहा कि वो किसी राजनीतिक बहस या धार्मिक विवाद में नहीं पड़ना चाहते.
खेसारी लाल यादव ने कहा कि वह चुनावी मैदान में विकास के एजेंडे के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा, 'कौन क्या कह रहा है या कौन मुझपर टिप्पणी कर रहा है, इससे बिहार के विकास का कोई लेना-देना नहीं है. मुझे बस इतना पता है कि इस राज्य को आगे बढ़ाना है.'
उनका यह बयान साफ संकेत देता है कि खेसारी अब अपनी छवि राजनीतिक और सामाजिक जिम्मेदारी वाले व्यक्ति के रूप में बनाना चाहते हैं, ना कि केवल एक स्टार की तरह जो विवादों में रहता है.