menu-icon
India Daily

'गेट बंद कर के मुझ पर हमला किया...', नालंदा में भीड़ ने महिला से की छेड़छाड़ और सड़क पर घसीटा; दो गिरफ्तार

नालंदा में महिला को अवैध संबंध के शक में भीड़ ने सरेआम घसीटकर पीटा और छेड़छाड़ की. दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'गेट बंद कर के मुझ पर हमला किया...', नालंदा में भीड़ ने महिला से की छेड़छाड़ और सड़क पर घसीटा; दो गिरफ्तार
Courtesy: Pinterest

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ भीड़ ने सरेआम छेड़छाड़ और मारपीट की। यह घटना 26 मार्च को अजयपुर गांव में हुई, अब तक इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

महिला जो तीन बच्चों की मां भी है उसने बताया कि वह अपना मोबाइल रिचार्ज करवाने गई थी. तभी गांव वालों ने उसे मोबाइल ठीक करने वाले टेक्नीशियन के साथ देख लिया और उन्हें शक हो गया कि दोनों के बीच कोई अवैध संबंध है.

महिला ने क्या बताया?

महिला ने बताया कि देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और दुकान का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया. महिला ने कहा, 'मेरे अपने ही समुदाय के लोग वहां आ गए, जिसके बाद उन्होंने मेरे साथ छेड़छाड़ की और मुझ पर शारीरिक हमला किया.'

उसने आगे कहा, 'गांव वालों ने मुझे बहुत परेशान किया.' लोग उसके साथ जोर-जबरदस्ती कर रहे थे और उसे सड़क पर घसीट रहे थे.

महिला ने क्या लगाया आरोप?

महिला ने आरोप लगाया कि जब वह किसी तरह दुकान की खिड़की से बाहर निकलने में कामयाब हो गई, तो गांव वालों ने उस पर हमला किया और जबरदस्ती उसके माथे पर सिंदूर लगाने की कोशिश की.

उसने बताया, 'खिड़की पर एक ईंट लगी हुई थी. मैंने उसे हटाया और खिड़की से बाहर निकल आई. जैसे ही मैं बाहर निकली, लोगों ने मुझे पीटना शुरू कर दिया और मेरा गला घोंटने की कोशिश की. कुछ लोग मुझ पर जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहे थे और मेरे माथे पर सिंदूर लगाने की कोशिश कर रहे थे. 

मैं बस रोती रही और उनसे मिन्नतें करती रही कि मैं शादी नहीं कर सकती.' सी तरह वह वहां से बचकर निकली और उसने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी.

महिला के परिवार में कौन-कौन है?

यह महिला गांव में अपनी सास और अपने तीन बच्चों के साथ रहती है. उसका पति पुणे में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करता है और घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था. घटना की जानकारी मिलते ही वह तुरंत नालंदा वापस लौट आया.

पुलिस ने क्या बताया?

DSP संजय जायसवाल ने कहा, 'हम अभी इस मामले की जांच कर रहे हैं. अब तक हमने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और तीसरे नामजद आरोपी को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.'

तेजस्वी यादव ने इस घटना पर क्या कहा?

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना की निंदा की और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया, 'यह एक गैंगरेप की कोशिश थी. जिन लोगों ने महिला के साथ बदसलूकी की, उन्होंने उसके कपड़े फाड़ दिए. यह बिहार में पूरी तरह से चरमरा चुकी कानून-व्यवस्था की एक डरावनी तस्वीर पेश करता है.'