पटना: बिहार सरकार ने गुरुवार को प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दीं. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सूचना प्रौद्योगिकी, ग्रामीण कार्य, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, खेल, शिक्षा, वित्त और कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नए पदस्थापन किए गए हैं. इस फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न विभागों में प्रशासनिक कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करना और जिम्मेदारियों का नया वितरण सुनिश्चित करना माना जा रहा है.
आईएएस अधिकारी अभय कुमार सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग से स्थानांतरित कर ग्रामीण कार्य विभाग का सचिव बनाया गया है. फिलहाल वे सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे. वहीं देवेश सेहरा को ग्रामीण कार्य विभाग से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.
दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से स्थानांतरित कर खेल विभाग का सचिव बनाया गया है. राजीव रौशन को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद के साथ बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षा विभाग और खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. उन्हें वित्त विभाग में सचिव (संसाधन) की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.
रचना पाटिल को वित्त विभाग में सचिव (व्यय) के पद के साथ अगले आदेश तक कृषि विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं धर्मेंद्र कुमार पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष के साथ विशेष सचिव, शिक्षा विभाग का अतिरिक्त दायित्व भी निभाते रहेंगे. सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस फेरबदल से प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय और गति आएगी.